जिले के 21588 लोगों के राशन पर मंडराया संकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला भर के 21588 लोगों को 30 जून के बाद खाद्य एवं पूर्ति विभाग की ओर से विभिन्न डिपो पर राशन नहीं मिल पाएगा। ये वे कार्डधारक हैं जिन्होंने अभी तक अपना रिकार्ड आधार कार्ड से लिंक नहीं करवाया है। लगातार राशन लेने के लिए इन्हें उक्त तिथि तक डिपो पर जाकर अपना आधार कार्ड रिकार्ड से लिंक करवाना होगा, जिसके लिए उन्हें आधार कार्ड की फोटो प्रति जमा करवानी होगी। हालांकि अन्य जिलों के मुकाबले आधार लिंक न करवाने वाले लोगों की संख्या यहां सबसे कम महज 4 फीसदी है, लेकिन इनको लेकर भी विभाग पूरी तरह से सख्ती बरतने में लगा है।
जिसके चलते विभाग की ओर से सभी डिपो होल्डर को आदेश जारी कर दिए गए है कि जिसका रिकार्ड आधार नं से 30 जून तक लिंक नहीं हो जाता, उसकी सूची बनाकर विभाग में जमा करवाई जाए और उनका राशन बंद कर दिया जाए। हालांकि पहले विभाग ने यह तिथि 30 अप्रैल तक ही निर्धारित की थी। विभाग द्वारा बरती जा रही सख्ती से अब लापरवाही बरतने वाले कार्डधारकों के नाम सूची से कट जाने से इंकार नहीं किया जा सकता। वहीं पिछले माह से ही विभाग ऐसे लोगों की अनाज मिलने की सुविधा पर रूक-रूक कर ब्रेक दे रहा है, जिसके चलते ही लगातार लोग जिला सचिवालय पहुंच रहे है तो वहीं विभाग के अधिकारी उन्हें आधार से रिकार्ड लिंक करवाया जाना जरूरी ठहरा रहे है।
539717 लोग उठा रहे है फायदा
विभाग के अनुसार जिला भर में 123104 राशन कार्ड धारक हैं तो वहीं 539717 लोग सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हुए अनाज आदि ले रहे है। इनमें से 95.6 फीसदी लोगों ने अपना रिकार्ड आधार से लिंक करवा लिया है तो वहीं अब करीब 4 फीसदी लोग है, जिन्होंने आज तक भी इसे गंभीरता से नहीं लिया है।
यह मिलता है फायदा
सरकार द्वारा बीपीएल व अन्य प्राथमिक परिवारों को अलग-अलग श्रेणी में डिपो के माध्यम से अनाज उपलब्ध करवा रही है। इसमें बीपीएल कार्ड पर हर सदस्य को 5 किलोग्राम गेहूं मिल रही तो वहीं हर कार्ड पर 2 किलोग्राम चीनी व 2.5 किलोग्राम दाल हर माह दी जा रही है। वहीं ओपीएच श्रेणी में भी यह लाभ दिया जा रहा है तो वहीं अंत्योदय अन्न योजना के तहत हर कार्ड पर कुल 35 किलोग्राम गेहूं हर माह दी जा रही है।
आधार लिंक नहीं तो राशन भी नहीं : वीरेंद्र
जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक वीरेंद्र सिंह का कहना है कि जो भी कार्ड धारक व पात्र अपना रिकार्ड आधार लिंक नहीं करवाता, उसका राशन पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। इसके लिए तैयारियां चल रही है तो वहीं सभी डिपो संचालकों को आदेश भी जारी कर दिए गए है। सभी लोगों को अपना रिकार्ड आधार से लिंक करवाना चाहिए। इससे पारदर्शिता आएगी।