मुकुंद माधव गोविंद बोल, केशव माधव हरि-हरि बोल... और मनिहारें का वेश बनाया, श्याम चूड़ी बेचने आया... इत्यादि भजनों पर श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में नगर वासियों को भागवत कथा का निमंत्रण दिया। सेक्टर-13 स्थित श्री महेश्वर हनुमान मंदिर में आयोजित दिव्य संगीतमयी श्रीमद्भागवत भक्ति कथा के शुभारंभ दिवस पर कलशधारी महिलाओं की शोभायात्रा निकाली गई। श्री माता अंजनी सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित यह कथा एक जुलाई तक चलेगी। इससे पूर्व कथाव्यास स्वामी अलंकार महाराज के सान्निध्य में चले षोडशोपचार पूजन में मुख्य यजमान सोमनाथ कक्कड़ एडवोकेट परिवार ने भाग लिया। बैंड बाजो और ढोल की मधुर धुन के साथ यह शोभायात्रा सेक्टर-13 के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: कथा स्थल पहुंची। जगह-जगह इस कलश यात्रा का स्वागत किया गया। अलंकार महाराज ने श्रीमद्भागवत मंगला चरण एवं कथा का महात्म्य सुनाया। कथा के बीच-बीच में सुनाएं गए मधुर भजनों पर श्रद्धालु झूम उठें और जय जय श्री राधे का पवित्र उद्घोष किया। भागवत आरती में यज्ञाचार्य कमल भारद्वाज, हरिओम आश्रम के संचालक स्वामी सत्यप्रेम जिज्ञासु, लखविंद्र पाल सिंह ग्रेवाल, सुरेश शर्मा, नरेश शर्मा, ओमप्रकाश शांडिल्य, प्रदीप शर्मा, दिनेश पराशर, जीताराम पाल, जिलेसिंह पाल, कार्तिक कक्कड़, श्रीप्रकाश मिश्रा, डॉ. स्वर्णप्रभा, करुणा कक्कड़, किरण शर्मा सहित अन्य शामिल रहे।