कुरुक्षेत्र। मानसून सीजन से पहले बरसाती पानी की निकासी के प्रबंध पूरे किए जाएं, ड्रेनों,नालों की सफाई की जाए और सरस्वती नदी की सफाई की जाए और दोनों तरफ किनारों को पक्का किया जाए। स्थानीय शहरी निकाय राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने यह निर्देश दिए। वे शनिवार को मानसून सीजन आने से पहले पानी निकासी के लिए किए जाने वाले प्रबंधों को लेकर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने सरस्वती नदी पिपली, खेडी मारकंडा, हरिनगर, दीदार नगर, सिरसला रोड सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समय रहते सभी क्षेत्रों के नाले साफ होने चाहिए तथा सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए, खेड़ी मारकंडा में संबंधित क्षेत्र में सफाई करने के बाद मिट्टी की भरत पूरी करें। हरि नगर में सरस्वती नदी के दोनों तरफ किनारे मजबूती से बनाएं जाएं, हरि नगर में जो पुराने सीवरेज है वह बंद कर दें तथा नए सीवरेज में किसी प्रकार की कोई रुकावट न हो यह सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, सिंचाई विभाग के एसई अरविंद कौशिक, एक्सईएन नवतेज सिंह,जिला परिषद के वाइस चेयरमैन डीपी चौधरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।