कुरुक्षेत्र: बीएसएनएल के 310 फुट ऊंचे टावर पर चढ़ा गाइड, नीचे उतारे के लिए प्रशासन ने तीन घंटे चलाया रेस्क्यू
गाइड शिकायत पर कोई कार्रवाई न होने से खफा था। तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद अंत में खुद नीचे आया।
दूसरे गाइड के खिलाफ मारपीट करने की शिकायत दी थी। दोनों पक्षों को चौकी बुलाया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पुलिस को दी शिकायत पर कोई कार्रवाई न होने से खफा एक गाइड शुक्रवार की दोपहर को सेक्टर-13 स्थित बीएसएनएल के 310 फुट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस व बीएसएनएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर फायर ब्रिगेड व बचाव दल को बुलाया। तीन घंटे चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद दोपहर एक बजकर 40 मिनट पर वह खुद टावर से नीचे उतरा। पुलिस ने उसे पानी पिलाया और एंबुलेंस में अस्पताल ले गई।
टावर पर चढ़ने वाला गाइड राकेश धीमान क्योड़क जिला कैथल का रहने वाला है और ब्रह्मसरोवर पर गाइड का काम करता है। कुछ दिन पहले राकेश की किसी बात को लेकर दूसरे गाइड के साथ कहासुनी हो गई थी। राकेश ने आरोप लगाया कि उसे यहां गाइड का काम नहीं करने दिया जा रहा है। राकेश ने सुभाष मंडी चौकी में उसके साथ मारपीट करने की शिकायत दी थी।
शिकायत के निवारण के लिए शुक्रवार को दोनों पक्षों को चौकी में बुलाया गया था। राकेश चौकी में जाने की बजाए दोपहर करीब 12 बजे सेक्टर-13 स्थित बीएसएनएल एक्सचेंज चला गया और वहां पर लगे करीब 310 फुट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। राकेश ने टावर के ऊपर से मोबाइल फोन के माध्यम से डायल 112 पर इसकी सूचना दी, जिसके बाद डीएसपी सुभाष व सिटी थाना प्रभारी सीमा पुलिस बल साथ मौके पर पहुंचीं और फायर बिग्रेड और एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने राकेश से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क किया, जिस पर राकेश ने कहा कि जब तक शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती वह नीचे नहीं आएगा। इसके कुछ देर बाद राकेश ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया।

गाइड को गोद में उठाकर लेकर एंबुलेंस की ओर जाते पुलिस व दमकल कर्मी। संवाद- फोटो : Kurukshetra

राकेश को पकड़ने के लिए दीवार फांदते पुलिसकर्मी। संवाद
सिटी थाना प्रभारी सीमा ने बताया कि राकेश की ओर से सुभाष मंडी चौकी में एक शिकायत दी गई थी। इसी मामले को लेकर वह टावर पर चढ़ा था। सुभाष मंडी चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि राकेश ने चौकी में सन्निहित सरोवर पर दो निजी गाइडों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए एक शिकायत दी थी। शिकायत में मेडिकल भी अटैच नहीं था। शुक्रवार को दोनों पक्षों को चौकी बुलाया गया था, लेकिन राकेश चौकी में आने की बजाए टावर पर चढ़ गया। राकेश की शिकायत पर शुक्रवार देर शाम गाइड अमन व सुखा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सेक्टर 13 में बीएसएनएल के टावर से नीचे उतरता राकेश। संवाद
दो बार नीचे उतरने लगा, भीड़ देखकर फिर ऊपर चढ़ा
पुलिस की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से बार-बार राकेश को उसकी शिकायत के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन देकर टावर ने नीचे आने के लिए कहा जा रहा था। इस पर राकेश ने पहले तो एक बजे नीचे आना शुरू किया, लेकिन नीचे भीड़ को देख फिर से ऊपर चढ़ गया। इसके बाद एक बजकर 46 मिनट पर वह फिर से उतरने लगा और बीच में ही रुक गया। पुलिस द्वारा बार-बार दिए जा रहे आश्वासन के बाद आखिर एक बजकर 50 मिनट पर वह नीचे उतर आया और दीवार फांदकर दूसरी तरफ बैठ गया। पुलिस ने उसे काबू कर पानी पिलाया और गोद में उठाकर एंबुलेंस तक ले गई, जहां से उसे एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया।