वीडियो कॉल कर युवती ने शाहाबाद रेलवे स्टेशन के सामने नेशनल हाईवे के 30 फुट ऊंचे ओवरब्रिज से छलांग लगा दी। नीचे सड़क पर गिरते ही सिर में गंभीर चोट लगने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई। बैग में मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त अंजलि रानी-22 पुत्री गणपत राम, मंडी कालांवाली, ततमल रोड, वार्ड नंबर- 5 सिरसा निवासी के रूप में हुई है। घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिपली-शाहाबाद नेशनल हाईवे के रेलवे स्टेशन चौक पर ओवर ब्रिज के ऊपर युवती खड़ी थी। फोन पर वीडियो कॉल या फिर वीडियो बना रही थी। इसी बीच युवती ने अचानक छलांग लगा दी। नीचे खड़े एक मीडियाकर्मी ने सड़क पर गिरी युवती की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने युवती का मोबाइल और बैग कब्जे में लिया। फिर पुलिस ने मोबाइल का लॉक खुलवाया और आखिरी समय में जिस नंबर पर युवती फोन कर रही थी, उसे थाने बुलवाया। साथ ही युवती के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवती सिरसा से शाहाबाद कैसे पहुंची ? और हाईवे के ओवर ब्रिज पर कैसे गई ? जांच अधिकारी मनोज कुमार का कहना है कि मोबाइल से मिले नंबरों की सहायता से युवती के परिजनों को सूचना दी गई है। युवती ने यह कदम क्यों उठाया और इसके पीछे क्या कारण हैं, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के समय युवती के पास दो बैग थे, जोकि पुल के ऊपर सड़क पर ही पड़े थे। जांच अधिकारी का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किये जाएंगे, उसके बाद ही कारणों का खुलासा हो पाएगा।