कुरुक्षेत्र। ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 12.16 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने युवती सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने युवती को 15 लाख रुपये में ऑस्ट्रेलिया का स्टडी वीजा देने का झांसा दिया था। थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में हथीरा गांव निवासी युवती ने बताया कि उसके पीटीई में 6.5 बेंड आए थे। आरोपी खुशपाल सिंह, अनमोल शर्मा उर्फ अमन, विनय समेत एक युवती ने उसे स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए 15 लाख मांगे थे, जिसमें 12 लाख रुपये अग्रिम राशि के तौर पर देने की बात हुई थी। उसने पहले फाइल लगाने के लिए डेढ़ लाख रुपये आरोपियों को दिए थे।
27 फरवरी को आरोपियों ने उसे एक यूनिवर्सिटी का ऑफर लेटर दिखाकर 21 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। साथ ही 45 दिन में वीजा लगवाने का आश्वासन दिया। कुछ दिन बाद अमन ने उनसे 1.70 लाख रुपये मांगे, जिसे उसके पिता ने एक चेक के जरिए उनके खाते में डाल दिया। छह मार्च को उसके पिता ने आरोपी की मांग पर छह लाख रुपये आरटीजीएस और 75 हजार रुपये दो बार में आरोपी के खाते में भेज दिए। कुछ दिन बाद आरोपी ने दोबारा दो लाख रुपये मांगे और एक महीने में वीजा दिलाने का आश्वासन दिया। विश्वास करके उन्होंने दो लाख रुपये और अमन के कहे अनुसार खाते में डाल दिए। उन्होंने एक महीने वीजा बारे पूछा तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में उन्होंने उनका फोन उठाना बंद कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।