शाहाबाद। नेशनल हाईवे 152जी के निर्माण से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाईवे के साथ बना जल कल्वर्ट खेतों के स्तर से ऊंचा होने के कारण बरसाती पानी की निकासी बाधित हो गई है। इससे खेतों में जलभराव हो रहा है और खड़ी फसलें खराब हो रही हैं। हाईवे निर्माण से कई किसानों के खेत दो हिस्सों में बंट गए हैं, जिससे रास्ते की समस्या भी पैदा हो गई है।
भारतीय किसान यूनियन के नेता जसबीर सिंह मामू माजरा के नेतृत्व में किसानों ने जल कल्वर्ट नंबर-1 के पास प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार और नेशनल हाईवे प्राधिकरण से पानी निकासी और खेतों तक रास्ते का स्थायी समाधान मांगा। किसान नेता मामू माजरा ने बताया कि रेलवे ट्रैक के नीचे बनी पुलियों से पानी आता है, पर कल्वर्ट ऊंचा होने से वह आगे नहीं निकल पाता। किसानों ने मांग की कि कल्वर्ट को खेतों के स्तर के अनुरूप व्यवस्थित किया जाए और गांव जैनपुर की तरफ से पर्याप्त रास्ता दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे। इस दौरान अमनदीप कम्बोज, सरपंच हरपिंदर सिंह, गुरमेल सिंह, भूपिंदर सिंह, लक्की कुमार, कुलबीर सिंह और सतनाम सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।