नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों को कारागार में भेजने के साथ-साथ पुलिस द्वारा उनकी संपति को अटैच किया जा रहा है। जिले के विभिन्न पुलिस थानों में नशीले पदार्थों के दर्ज मामलों में संलिप्त गांव धंतौड़ी वासी रोशन लाल पुत्र प्रीतम सिंह की संपत्ति अटैच की गई है। पुलिस अधीक्षक धीरज कुमार सेतिया ने बताया कि आरोपी रोशन लाल के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के थाना सदर थानेसर, शाहाबाद व पंजाब में करीब चार मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी रोशन नशीले पदार्थों के धंधे में लगातार सक्रिय रहा है और अवैध नशे की तस्करी से आरोपी व उसके परिवार ने करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति बनाई हुई है। आरोपी रोशन लाल के पुत्र राजेश के खिलाफ जिला कुरुक्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के दो मुकदमे दर्ज हैं। बताया कि आरोपी व उसके परिजनों के पास करीब 130 कनाल 105 मरले कृषि भूमि है, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 96 लाख 75 हजार रुपये और 6 अलग-अलग बैंक खातों में एक करोड़ 60 लाख 79 हजार 953 रुपये की संपत्ति अवैध नशीले पदार्थों को बेचकर जुटाई गई है। बताया कि आरोपियों की करीब 10 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को अटैच करने बारे जिला पुलिस द्वारा कम्पीटेंट अथॉरिटी व प्रशासनिक, एनडीपीएस एक्ट नई दिल्ली को लिखा गया था, जिसमें से करीब साढ़े 6 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी को अटैच करने के कम्पीटेंट अथॉरिटी व प्रशासनिक, एनडीपीएस एक्ट नई दिल्ली की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी रोशन लाल ने अवैध नशे की तस्करी से करोड़ों रुपये की अवैध संपति बनाई हुई थी, जिसमें आरोपी रोशन लाल की 45 कनाल 39 मरले कृषि भूमि (कुल कीमत 2 करोड़ 48 लाख 25 हजार रुपये), आरोपी की पत्नी रमेशो देवी की 58 कनाल 15 मरले कृषि भूमि (कुल कीमत 1 करोड 47 लाख रुपये) रोशन लाल के पुत्र राजेश की 13 कनाल 17 मरले कृषि भूमि (कुल कीमत 48 लाख रुपये) राजेश की पत्नी प्रियंका की 1 कनाल 17 मरले कृषि भूमि (कुल कीमत 5 लाख 50 हजार रुपये) तथा रोशन लाल के दूसरे पुत्र जोनी की 13 कनाल 17 मरले कृषि भूमि (कुल कीमत 48 लाख रुपये) है। इसके अलावा उनके 6 बैंक खातों में जमा 76 लाख 36 हजार 892 रुपये, रोशन लाल व उसकी पत्नी रमेशो देवी के साझे बैंक खाते में जमा 25 लाख 94 हजार 334 रुपये, रमेशो देवी के बैंक खाते में जमा 6 हजार 178 रुपये, राजेश के बैंक खाते में जमा धन राशि 03 हजार 41 रुपये, जोनी के बैंक खाते में जमा 9 हजार 761 रुपये व पुत्रवधु प्रियंका के बैंक खाते में जमा धन राशि 58 लाख 29 हजार 747 रुपये को अटैच किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशीले पदार्थों के धंधे में संलिप्त आरोपी रोशन लाल को कई बार नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है।