(कुरुक्षेत्र)शाहाबाद। जीटी रोड स्थित एक होटल में बुधवार देर रात कुछ युवकों ने जमकर तोड़फोड़ की। वेटर द्वारा विरोध करने पर उससे मारपीट करके होटल से 20 हजार नकदी भी उठा कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रेम सिंह मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए आसपास के क्षेत्र में वीटी भी कराई गई।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सुरखपुर वासी अशोक कुमार ने कहा कि वह होटल में पिछले दो साल से मैनेजर के पद पर कार्यरत है। बुधवार रात को छह युवक खाना खाने के लिए आए थे, लेकिन बाद में बिल देने को लेकर बहस करने लगे। इस दौरान आरोपी होटल के बाहर खड़ी गाड़ी से हथियार लेकर आए और मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोपियों ने होटल के शीशे, मेज व दरवाजे तोड़ दिए। आरोपियों ने चाकू से वार करने का भी प्रयास किया, जिस कारण उसने अंदर भागकर अपनी जान बचाई। जाते-जाते आरोपी काउंटर से लगभग 20 हजार रुपये नकदी भी उठा ले गए। शिकायत में कहा गया कि उन्हें जानकारी मिली है कि उन युवकों में संदीप वासी बीबीपुर, काजल वासी कतलाहरी, रूपिंद्र वासी संभालखी व तुषार वासी मंधेड़ी शामिल हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।