कुरुक्षेत्र। हथियारों से लैस होकर ढाबे पर हमला कर तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस हमले में ढाबा संचालक बुरी तरह से जख्मी हो गया। सदर थाना में दर्ज शिकायत में भवर सिंह निवासी कठवा ने बताया कि वह जीटी रोड पर त्यौड़ा देह के पास ढाबा चलाता है। उसके साले श्रवण कुमार निवासी बलवाखेड़ी जिला मुजफ्फरनगर ने मसाना गांव के पास अपना ढाबा खोल रखा है।
नौ दिसंबर की रात श्रवण कुमार शराब लेने के लिए मसाना ठेके पर गया था। यहां पर उसकी ठेके के सेल्समैन के साथ कहासुनी हो गई थी। अगले दिन ठेकेदार कोशल इंद्र, मोहित, नरेंद्र, बादल व अन्य दो लोग गाड़ी में सवार होकर उसके साले के ढाबे पर आए और उसे जान से मारने की धमकी व गाली-गलौज कर चले गए। 11 दिसंबर को उसके पास समय सुबह करीब 3.30 बजे बजे डायल 112 से फोन आया कि उसके साले श्रवण को उसके ढाबा पर आकर कुछ लोगों ने मारपीट की व ढाबे का समान तोड़फोड़ की। वह एलएनजेपी अस्पताल पहुंचा तो वहां उसके साले की हालत नाजुक थी। वहां से चिकित्सकों ने उसके साले श्रवण कुमार को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वह मामले की जानकारी लेने के लिए श्रवण के ढाबे पर गया तो पता चला कि उसका साला श्रवण कुमार अपने ढाबा में बने कमरे में सो रहा था। रात को करीब दो बजे कोशल इंद्र, मोहित, नरेंद्र, बादल, मंजू, सुखविंद्र उर्फ सुखी, रजत, राहुल व 7-8 लोगों ने हथियारों से लैस होकर उसके साले पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।