कुरुक्षेत्र। मांगें पूरी न होने पर आशा कर्मियों में रोष गहराता जा रहा है। मांगों को पूरा कराए जाने के लिए वे कई दिनों से आंदोलन कर रही हैं। बुधवार को यह आंदोलन और तेज किया जाएगा। आशाकर्मी ताज पार्क से जुलूस निकालते हुए विधायक सुभाष सुधा के आवास पर 24 घंटे का महापड़ाव डालेंगी, जिसके लिए रणनीति बनाई गई। मंगलवार को 71वें दिन भी उपायुक्त कार्यालय पर धरना जारी रखा और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
आशा वर्कर यूनियन की जिला प्रधान पिंकी ने कहा कि आशाकर्मी अपनी मांगों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आठ अगस्त से हड़ताल कर रही हैं, लेकिन अभी तक मांगों की कोई सुनवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि उनकी मुख्य मांगें है कि प्रति माह 26 हजार रुपये वेतन हो, उन्हें कर्मचारी माना जाए, सेवानिवृत्त लाभ पेंशन हो, ग्रेच्युटी व भविष्य निधि फंड दिया जाए। सीटू जिला सचिव अनिल ने कहा कि यह पड़ाव शांतिपूर्ण होगा और उन्हें उम्मीद है कि प्रदेश सरकार मांगों को जल्दी पूरा करेगी। इस दौरान जिला उपप्रधान मनजीत, जिला कोषाध्यक्ष उषा, कुशमलता, अनिता, रीना, कुशम, आशा रानी, सुनीता, मीनू, कृष्णा, सुमन किरमिच, आदि सैकड़ों आशाकर्मी मौजूद रहीं। संवाद