बाबैन। नवीन जिंदल फाउंडेशन की ओर से संचालित महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर बहलोलपुर में युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। फाउंडेशन से कृष्मन सिंह सैनी ने बताया कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में साइन हुए एमओयू के अनुसार नवीन जिंदल फाउंडेशन, महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर बहलोलपुर में युवाओं को स्किल की ट्रेनिंग देगा।
इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं और बहलोलपुर संस्थान में हेल्प डेस्क भी स्थापित किया जा चुका है। आसपास के दर्जनों गांव में फाउंडेशन की टीम द्वारा युवाओं को जागरूक करके संस्थान में दाखिला लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। दाखिला लेने के लिए प्रक्रिया 27 जून तक जारी रहेगी। युवाओं के लिए इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा), टेक्नीशियन पावर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम कोर्स उपलब्ध होंगे। दाखिला लेने के लिए आठवीं व 10वीं की योग्यता रखी गई है। जो कोर्स के अनुसार तय की गई है। उन्होंने बताया कि दाखिला लेने के इच्छुक आवेदक को सबसे पहले सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर लॉग इन करके अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके बाद अगस्त में काउंसलिंग एवं सीटों का आबंटन होगा और इसी महीने से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की जाएगी।