शाहाबाद-बराड़ा रोड पर गांव रावा के पास तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिसके कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो जख्मी हो गए। मृतक की शिनाख्त जिला अंबाला के कोट कछुआ निवासी राजकुमार के रूप में हुई है।
दुर्घटना में सिपला कंपनी में कार्यरत हरप्रीत निवासी अंबाला व ओमपाल निवासी कैथल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ओमपाल को उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक कोट कछुआ निवासी राजकुमार अपनी बाइक पर और हरप्रीत व ओमपाल अपनी दूसरी बाइक पर सवार होकर मुलाना की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह शाहाबाद के गांव रावा के पास नजदीक पहुंचे तो तेज रफ्तार कार ने पहले राजकुमार की बाइक को टक्कर मारी और उसके बाद थोड़ी दूरी पर हरप्रीत व ओमपाल की बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक पर सवार राजकुमार, हरप्रीत व ओमपाल सड़क पर गिर घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल व हेल्पर्स की एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। यहां चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल ओमपाल को एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश करने के लिए आस-पास के क्षेत्र से पूछताछ की जा रही है।