कुरुक्षेत्र/पिहोवा। मुर्तजापुर गांव के निकट कांवड़ लेकर लौट रहे 11 वर्षीय बच्चे की ट्रैक्टर के नीचे कुचले जाने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले विशाल निवासी स्याणा सैंदा के रूप में हुई। विशाल अपने जुड़वा भाई हंस और पिता के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहा था।
थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में सोनू निवासी स्याणा सैदां ने बताया कि वह दिहाड़ी-मजदूरी करता है। 21 जुलाई को वह और उसके जुड़वा बेटे विशाल और हंस गांव के ही 20-25 लोगों के साथ कांवड़ लेने हरिद्वार के लिए निकले थे। हरिद्वार जाने के लिए उन्होंने ट्रैक्टर-ट्राॅली किराए पर लिया था, जिसे गांव का युवक रवि चला रहा था। ट्रॉली में खाने-पीने का सामान रखा गया था। 25 जुलाई को सभी हरिद्वार से कांवड़ लेकर ट्रैक्टर के साथ गांव के लिए चल दिए थे। गत दिवस दोपहर करीब तीन बजे वह लोग पिहोवा- कुरुक्षेत्र रोड पर एनएच 152 डी मुर्तजापुर गांव के नजदीक पहुंचे तो ट्रैक्टर चालक ने पैदल चल रहे उसके बेटे विशाल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विशाल सड़क पर गिर गया। इसी दौरान ट्रैक्टर के अगले पहिए उसके बेटे सिर के ऊपर से गुजर गए। उसने तुरंत वाहन का इंतजाम कर विशाल को पिहोवा के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसके बेटे को मृत घोषित कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक रवि के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।