कुरुक्षेत्र। विद्या भारती हरियाणा की प्रांतीय मेधावी छात्र कार्यशाला का समापन मंगलवार को संस्कृति भवन स्थित नैमिषारण्य सभागार में हुआ। गीता निकेतन आवासीय विद्यालय ने समापन सत्र का आयोजन किया। इसमें प्रदेश के 13 विद्यालयों से आए 84 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यशाला में शिक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और संस्कारों का संदेश दिया गया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव ले. डॉ. वीरेन्द्र पाल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। हिंदू शिक्षा समिति हरियाणा के सहमंत्री सुरेश पुरी ने अध्यक्षता की। क्षेत्रीय प्रशिक्षण संयोजक राम कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे। विद्यालय के प्राचार्य नारायण सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों को 10 अधिकारियों का मार्गदर्शन भी मिला।
मुख्य वक्ता राम कुमार ने मेधावी होने का अर्थ समाज और राष्ट्र हित में ज्ञान का उपयोग बताया। उन्होंने भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने का आह्वान किया। ले. डॉ. वीरेन्द्र पाल ने आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्य और अनुशासन को जरूरी कहा। सुरेश पुरी ने अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के महत्व पर जोर दिया। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न दिए गए। दैनिक परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को भी पुरस्कृत किया गया।