राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के प्रोफेसर व उनकी पत्नी सहित जिले में अलग-अलग जगह से 81 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। कुरुक्षेत्र में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 11 हजार 172 तक पहुंच गया है, जबकि 147 मरीजों की कोरोना से मौत भी हो चुकी है। जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि 107 मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है, लेकिन वीरवार को कुरुक्षेत्र में कोरोना से संक्रमित 81 नए केस सामने आए हैं। जिले में अब एक्टिव केस का आंकड़ा 878 तक पहुंच चुका है। बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित अब तक 10 हजार 147 मरीज कोरोना को मात देकर वापस घर लौट चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक लिए गए 2 लाख 54 हजार 975 में से 2 लाख 41 हजार 455 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। वहीं खेड़ी मारकंडा, पिपली, हरियापुर, बोडला, मथाना, दयालपुर, मिर्जापुर, कमोदा, लुखी, लौहार माजरा, ज्योतिसर, सलारपुर रोड, विष्णु कॉलोनी, एकता विहार व न्यू कॉलोनी सहित 88 स्थानों पर कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर जिला प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश दिए हैं। उपायुक्त ने इन संबंधित क्षेत्रों को कंटेनमेंट व बफर जोन में शामिल करते हुए सैनिटाइज करने के आदेश दिए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार जिले के समसपुर, अमीन, संतोख पुरा, हसनपुर, लुखी, रामगढ़, ज्योतिसर, दबखेड़ी, सेक्टर-5, 7, 8 थानेसर वार्ड-1, 8, गीता कॉलोनी, कृष्ण नगर गामड़ी, मोरथला, पलवल व खेड़ी मारकंडा आदि में बनाए गए 38 कंटेनमेंट व बफर जोन क्षेत्र से निजात दी गई है, लेकिन कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए लोगों को भी अभी पूरी सतर्कता बरतनी होगी और सोशल डिस्टेंस, मास्क लगाने के नियमों की पालना करनी होगी।