कुरुक्षेत्र। आयुष विभाग द्वारा द्रोणाचार्य स्टेडियम में जिला स्तर पर तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा, जिसमें विधायक, अधिकारी व कर्मचारियों ने अनुलोम विलोम किया। प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर में लगभग 285 प्रतिभागियों द्वारा योग का अभ्यास किया गया। शिविर शनिवार को भी जारी रहेगा। जिला आयुर्वेद अधिकारी सुदेश जाटियान ने बताया कि जिला योग संयोजक, आयुष विभाग के योग विशेषज्ञ एवं योग सहायकों एवं योग समितियों के सहयोग से 10वें अंतराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तर योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिले की प्रत्येक व्यायामशालाओं में योग सहायकों द्वारा दिनांक 14 जून से 18 जून तक अपने आसपास के पांच गांवों में जाकर योग जागरण यात्रा निकाली जा रही है। जिसके माध्यम से जन सामान्य को योग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योग करने से हमारे मस्तिष्क की कार्यक्षमता बढ़ती है, स्वास्थ्य सुधारता है और जीवन शैली में सकारात्मक बदलाव आता है। इसके साथ-साथ सभी आयु वर्ग के लोग योग को नियमित रूप से अपने दिनचर्या में शामिल करें ताकि वे स्वस्थ और सकारात्मक जीवन बिता सकें। इस मौके पर उप सिविल सर्जन डाॅ. जगमहिन्द्र मलिक, आयुष विभाग से जिला योग संयोजक डाॅ. राजकपूर एएमओ, नोडल अधिकारी डाॅ. कुलवन्त सिंह एएमओ, कोऑर्डिनेटर डाॅ. महिपाल सिंह एएमओ, सह-कोऑर्डिनेटर डाॅ. संदीप गुप्ता एएमओ, डाॅ. मीना एएमओ आदि मौजूद रहे।