कुंजपुरा/करनाल। महिला पुलिस थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद आरोपी युवक ने युवती से किए की माफी मांगते हुए शादी का प्रस्ताव रखा है। वहीं युवती ने आरोपी युवक के वायदे पर भरोसा जताते हुए शादी के प्रस्ताव को स्वीकार किया है। वहीं पुलिस अभी मामले की जांच किए जाने का दम भर रही है। इस बीच महिला जांच अधिकारी ने उस जगह का भी मुआयना किया जहां युवती से लगातार दुष्कर्म किया गया।
विदित हो कि भले ही दोनों पक्षों में मामला सुलझाने के लिए सामाजिक तौर पर सहमति बन गई हो, लेकिन रेप का मामला दर्ज होने और माननीय अदालत में पीड़िता बयान कलम बंद होने के कारण कानूनी पेच से निजात एवं पार पाना आरोपी के लिए अभी आसान नहीं है। कानून के जानकारों का कहना है कि मामला सुलझाने के लिए पीड़िता के दोबारा अदालत में बयान कलमबंद करवाने होंगे। उसके बाद थाना प्रभारी द्वारा मामले को निरस्त कर अदालत में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इस कार्य के लिए पुलिस को सहमत करना भी आरोपी के लिए बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि रेप जैसे संगीन मामले में कानूनन समझौता न होकर शिकायतकर्ता द्वारा अदालत में बयान बदलना ही आरोपी के बचाव का एकमात्र रास्ता है। बता दें कि कोलकाता बंगाल निवासी एक 26 वर्षीय युवती ने शामली उत्तर प्रदेश के चौसाना गांव निवासी आदिल राव के खिलाफ नौकरी और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है।