{"_id":"6910f0b3607543769c03fc75","slug":"truck-drivers-body-found-in-andhra-pradesh-transporter-accused-of-murder-karnal-news-c-18-knl1008-777034-2025-11-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Karnal News: आंध्र प्रदेश में मिला ट्रक चालक का शव, ट्रांसपोर्टर पर हत्या का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Karnal News: आंध्र प्रदेश में मिला ट्रक चालक का शव, ट्रांसपोर्टर पर हत्या का आरोप
Mon, 10 Nov 2025 01:21 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, करनाल
संवाद न्यूज एजेंसी, करनाल
Updated Mon, 10 Nov 2025 01:21 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
करनाल। सीतामाई गांव का 38 वर्षीय ट्रक चालक संजीव आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में संदिग्ध हालात में मृत मिला। ट्रक की जीपीएस लॉकेशन से पता लगा कि ट्रक नौ दिन से एक ढाबे पर खड़ा था। चालक का मोबाइल बंद जा रहा था। परिवार ने ट्रांसपोर्टर पर गुमराह करने और हत्या का आरोप लगाया है।
ट्रक चालक संजीव की पत्नी नीलम को छह नवंबर की शाम को एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि विशाखापट्टनम में रेलवे लाइन के पास संजीव नामक व्यक्ति का शव मिला है। शव को विशाखापट्टनम के सरकारी अस्पताल में रखा गया है। मृतक के चाचा सुनील ने ट्रांसपोर्टर श्यामलाल को फोन किया। आरोप है कि उन्होंने सही जवाब नहीं दिया। उनका कहना है कि भतीजे संजीव की हत्या ट्रांसपोर्टर और उसके साथियों ने मिलकर करवाई है। ट्रांसपोर्टर शुरू से ही जानकारी छिपाता रहा और बात टालता रहा। परिवार शव लेने के लिए आंध्र प्रदेश गया हुआ है। संजीव के चाचा सुनील कुमार की शिकायत पर निगदू थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं में जीरो एफआईआर दर्ज करके जीआरपी विशाखापट्टनम को भेज की है।
विज्ञापन
ढाबे पर खड़ी मिली गाड़ी, मोबाइल बंद
मृतक के चाचा सुनील कुमार ने बताया कि ट्रक में लगा जीपीएस सिस्टम उनके फोन से जुड़ा हुआ था। जीपीएस के अनुसार, ट्रक 29 अक्तूबर से आंध्र प्रदेश के नाकापल्ली इलाके में स्थित ‘शेरे पंजाबी फैमिली ढाबा’ पर खड़ा था। उसी दिन से संजीव का मोबाइल नंबर लगातार बंद आ रहा था। जब उन्होंने निसिंग के ट्रांसपोर्टर श्याम लाल से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि माल दूसरी गाड़ी में भेज दिया गया है, लेकिन चालक कहां है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इससे उन्हें शक है कि ट्रांसपोर्टर ने ही उनके भतीजे की हत्या करवाई है।
विज्ञापन
दो साल से सोनीपत में था निवास
गांव सीतामाई निवासी संजीव कुमार करीब दो साल से अपने परिवार के साथ सेक्टर-23 सोनीपत में किराए के मकान में रह रहे थे। उनके पास ट्रक है। जिसे वह खुद चलाते थे। संजीव 13 अक्तूबर को निसिंग स्थित श्याम लाल ट्रांसपोर्ट के माध्यम से करनाल से दवाई लेकर विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) गए थे।
गांव सीतामाई के ट्रक चालक संजीव की विशाखापट्टनम में संदिग्ध हालात में मौत हुई है। जीआरपी थाना पुलिस से सूचना आई थी। मृतक के चाचा सुनील की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज करके जीआरपी थाना विशाखापट्टनम को भेज दी है। वहां की पुलिस ही इस पर कार्रवाई करेगी। परिवार शव लेने के लिए वहां गया हुआ है। -सतीश कुमार, थाना प्रभारी, निगदू थाना