करनाल। वार्ड-1 स्थित गांव झंझाड़ी में करीब 42 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक केंद्र बनेगा। निर्माण एजेंसी को छह माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। नीलोखेड़ी विधायक भगवान दास कबीरपंथी और महापौर रेणु बाला गुप्ता ने पार्षद सुदेश रानी की मौजूदगी में कार्य का शिलान्यास किया। वहींं, गांव के प्रवेश मार्ग पर स्थित जोहड़ के सौंदर्यकरण का कार्य भी जारी है।
विधायक भगवान दास कबीरपंथी ने कहा कि सामुदायिक केंद्र बनने से गांव के लोगों को सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि केंद्र बनने से शादी समारोह, धार्मिक कार्यक्रम और अन्य सामाजिक गतिविधियां गांव में ही सुविधाजनक ढंग से आयोजित की जा सकेंगी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाएगी। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता प्रदीप कल्याण, सहायक अभियंता मनजीत राठी, कनिष्ठ अभियंता दीपक कुमार, पार्षद प्रतिनिधि सुभाष कोच सहित ग्रामीण मौजूद रहे।