Karnal: नाबालिग बेटे ने सोते हुए पिता पर कुल्हाड़ी से किया वार, उतारा मौत के घाट, बोला- पापा करता था रोक-टोक
नाबालिग बेटे ने अपने पिता की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। पिता को सोते हुए देख बेटे ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की पूछताछ में बेटा बोला मेरा पिता मुझे पैसे नहीं देता था और रोक-टोक करता था। डिटेल में पढ़ें खबर...
विस्तार
ऊंचा समाना गांव में पशु बाड़े में सो रहे राज मिस्त्री सोनू की निर्मम हत्या करने वाला आरोपी मृतक का नाबालिग बेटा ही निकाला। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेटे ने अपने पिता की हत्या केवल इसलिए की क्योंकि उसका पिता उसे पैसे नहीं देता था और रोक-टोक ज्यादा करता था। इसी वजह से आरोपी नाबालिग अपने पिता से रंजिश रखने लगा था। हैरान करने वाली बात ये रही कि रात को पशु बाड़े में सोते हुए पिता की हत्या करने के बाद आरोपी नाबालिग घर वापस आकर चुपचाप सो गया। इसके बाद सुबह उठकर सबसे पहले पशु बाड़े में गया और अपने पिता की खून से लथपथ लाश को देखकर जोर से चिल्लाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग एकजुट हो गए और मौके पर पुलिस को बुलाया गया।
आरोपी ने पशु बाड़े में सोते हुए पिता सोनू के सिर पर हथौड़ा मारा। सोनू पलटा तो उसके मुंह पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। आरोपी अपने पिता पर तब तक प्रहार करता गया जब तक उसकी जान नहीं निकल गई।
जानकारी के मुताबिक नाबालिग ने पुलिस को गुमराह करने के लिए करीब छह माह पहले गांव चौरा के युवकों पर हत्या का शक जाहिर कर दिया जिनकी उसके पिता से दुश्मनी थी। पुलिस ने वारदात के बाद से हर पहलू पर जांच पड़ताल की। सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिनमें आरोपी नाबालिग ही आते-जाते दिखाई दिया। इसके बाद पूछताछ में नाबालिग का पूरा खेल खुल गया।
ये था मामला
ऊंचा समाना गांव निवासी 40 वर्षीय सोनू रोजाना अपने घर से करीब 100 मीटर दूर पशु बाड़े में सोया करता था। बुधवार रात को भी खाना खाने के बाद वह अपने पशु बाड़े में सोने चला गया। सुबह करीब साढ़े छह बजे उसका बेटा विशाल दूध निकालने के लिए पशु बाड़े में पहुंचा तो चारपाई पर खून से लथपथ पिता के शव को देखा। पिता को इस हालत में देखकर बेटा जोर से चीखा। इसे सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने मृतक की हालत को देख हत्या की आशंका जताई और तुरंत मधुबन पुलिस को सूचना दी। पड़ोसी ऋषिपाल ने बताया कि सोनू के मुंह, गले व सिर पर गहरी चोट थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल व एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर को मृतक सोनू के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गौरव कुमार थाना प्रभारी मधुबन ने बताया सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए और जांच की। पुलिस ने सबूतों के आधार पर नाबालिग को डिटेन किया और पूछताछ के बाद उसने सब कुछ कबूल लिया। पुलिस ने आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया है।
ये भी पढ़ें: Karnal: 10वीं में कंपार्टमेंट आने से परेशान लड़की ने किया सुसाइड, नहर में कूदकर दी जान