शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में अज्ञात व्यक्तियों ने एक बुजुर्ग आढ़ती दंपती की चाकुओं से गोदकर शुक्रवार दोपहर को दिनदिहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी। जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसपी लोकेंद्र सिंह सहित पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। एसपी ने मामले को आपसी रंजिश का मामला बताते हुए हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया है। घटना के चलते व्यापारी वर्ग में रोष है। पुलिस ने पूरे मॉडल टाउन एरिया की सुरक्षा बढ़ा दी है।
घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार नई अनाज मंडी में आढ़ती सत्यवान (60) हर रोज की तरह से दोपहर करीब एक बजे अपने घर पर दोपहर का भोजन करने के लिए आए थे। जहां करीब डेढ़ बजे के लगभग उनकी पत्नी कैलाश देवी (58) पर एक व्यक्ति ने चाकुओं से हमला कर घायल कर दिया। जिसकी चीख पुकार सुनकर पड़ोसी व पास में ही रह रहे उनके रिश्तेदार तुरंत पहले पार्क रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर चाकुओं से कई वार किए गए थे। इसी बीच लोग सत्यवान को कॉल करते रहे। बाद में किसी ने अस्पताल में कहा कि घर जाकर भी संभाल ले लो। इसके बाद जब लोग वापस मॉडल टाउन स्थित घर में पहुंचे तो वहां लहूलुहान हालत में सत्यवान का शव पड़ा हुआ पाया गया। उसके शव पर अनेकों वार करते हुए उनकी बेरहमी से हत्या की गई थी। बताया जा रहा है कि हमलावर पहले अंदर बैठकर सत्यवान के साथ बातचीत करते रहे। बाद में घर पर अकेला होने के कारण उसकी हत्या कर बाहर आए तो शोर सुनकर घर के दूसरी ओर दुकान से उसकी पत्नी बाहर आई और हमलावर भागते समय उसकी भी गेट पर ही चाकुओं से गोदकर हत्या कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी लोकेंद्र सिंह, डीएसपी विवेक चौधरी, सीआईए की टीमों सहित फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंची। घटना के चलते मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पुलिस के पूछने पर भी पड़ोसी यह तक नहीं बता पाए कि हमलावर एक था या कई थे। एसपी लोकेंद्र सिंह ने कहा कि बुजुर्ग दंपती की चाकुओं से हमला कर हत्या की गई है। मामला प्रारंभिक पूछताछ में आपसी रंजिश का लग रहा है। घर में किसी प्रकार की लूटपाट के निशान नजर नहीं आ रहे। फिर भी जांच में जो भी बात सामने आएगी, उसी अनुसार कार्रवाई होगी। हत्यारे शीघ्र गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। उधर, घटना को लेकर परिजनों सहित पूरे मॉडल टाउन में रोष है। आढ़ती का एक बेटा है, जो नोएडा की मल्टीनेशनल कंपनी में काम करता है। उसके तीन भाई हैं। जिनमें से एक गांव डोहर में दुकान करते हैं। एक खुराना रोड पर दुकान चलाते हैं तो तीसरा भाई मंदबुद्धि है। विधायक लीला राम ने जहां परिजनों को हर संभव सहायता व न्याय का आश्वासन दिया है। वहीं कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने सरकार की विफलता बताते हुए कैथल धर्मनगरी को अपराध नगरी में बदलने का आरोप लगाया है।