फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Karnal News ›   Electricity Board SE commits suicide on the day of his retirement names of seven officials, including an IAS

करनाल: रिटायरमेंट के दिन बिजली बोर्ड के SE ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में आईएएस समेत सात अफसरों के लिखे नाम

Mon, 31 Aug 2026 03:52 PM IST
मयूर शर्मा माई सिटी रिपोर्टर, करनाल
माई सिटी रिपोर्टर, करनाल Published by: मयूर शर्मा Updated Mon, 31 Aug 2026 03:52 PM IST
सार

पुलिस को मौके से चार पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें एक आईएएस अधिकारी, तीन एक्सईएन और तीन एसडीओ समेत सात अधिकारियों के नाम लिखे हैं। इन अधिकारियों पर रंजिश रखने, मानसिक रूप से परेशान करने और उनके निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप लगाए गए हैं।

विज्ञापन
Electricity Board SE commits suicide on the day of his retirement names of seven officials, including an IAS
गीतू राम तंवर (फाइल फोटो) - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

जाट-झोटा टिप्पणी से विवादों में आए बिजली निगम के निलंबित एसई गीतू राम तंवर ने सोमवार सुबह जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। उनका शव डीएवी स्कूल के पास कार में मिला। पुलिस को मौके से चार पेज का कथित सुसाइड नोट मिला है। इसमें एक आईएएस अधिकारी, तीन एक्सईएन और तीन एसडीओ समेत सात अधिकारियों के नाम लिखे हैं। नोट में अधिकारियों पर रंजिश रखने, मानसिक रूप से परेशान करने और उनके निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा। करीब तीन दशक से अधिक की सरकारी सेवा के बाद सोमवार को ही उनको सेवानिवृत्त होना था। 
विज्ञापन


बता दें कि गीतू राम तंवर अपने उस वीडियो से चर्चा में आए थे, जिसमें वे कहते नजर आ रहे थे अब तो सोच लिया है कि जाट और झोटा जहां मिलेगा, वहीं लठ मारेंगे और दोनों में से किसी को नहीं बख्शेंगे। गीतू राम तंवर की बड़ी बेटी एमबीबीएस डॉक्टर है। छोटी बेटी नीति इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है, जबकि बेटा स्वास्तिक कॉलेज में पढ़ता है।
विज्ञापन


सुबह सात बजे घर से निकले, फिर आया आखिरी फोन 

गीतू राम की बेटी नीति ने बताया कि गीतू राम सोमवार सुबह करीब सात बजे घर से निकले थे। कुछ देर बाद उन्होंने फोन किया और कहा कि वह अपनी आखिरी चिट्ठी देकर आते हैं। इसके बाद उनका फोन संपर्क से बाहर हो गया। करीब एक घंटे बाद वे उनकी तलाश करते हुए डीएवी स्कूल के पास पहुंचे तो उनकी कार मिली। कार में गीतू राम का शव पड़ा था। परिजनों के अनुसार उनके मुंह से झाग निकल रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से मिले चार पेज के सुसाइड नोट ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। उनकी बेटी ने बताया कि उनके पापा को रणबीर देशवाल, अश्वनी कौशिक, सतीश गोयत और प्रदीप कुमार परेशान कर रहे थे।  
विज्ञापन
विज्ञापन




पत्नी पूनम के नाम आखिरी संदेश

चार पेज के नोट के अंत में गीतू राम ने पत्नी पूनम के नाम भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें कुछ हो जाता है, चाहे आत्महत्या के कारण या किसी के द्वारा किए गए हमले के कारण, तो वह पत्नी को बताना चाहते हैं कि समाज खराब हो गया है। इसके साथ उन्होंने पत्नी से अपना ख्याल रखने को कहा। यह संदेश सामने आने के बाद परिवार का दुख और गहरा हो गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नोट गीतू राम ने ही लिखा था या नहीं और उसमें लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या है।

पांच महीने पहले वायरल हुआ था वीडियो

गीतू राम तंवर सोनीपत बिजली निगम में एसई के पद पर कार्यरत थे। करीब पांच महीने पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बताया गया कि यह वीडियो 22 दिसंबर 2025 को सोनीपत डीसी कैंप कार्यालय में अधिकारियों की मौजूदगी में बनाया गया था। वीडियो में गीतू राम ने जातिवाद और जाट समाज को लेकर कई विवादित टिप्पणियां की थीं। बातचीत के दौरान उन्होंने जाट और झोटा को लेकर भी टिप्पणी की थी। वीडियो में गीतूराम ने कहा था कि अब तो सोच लिया है कि जाट और झोटा जहां मिलेगा, वहीं लठ मारेंगे और दोनों में से किसी को नहीं बख्शेंगे।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया था। इसके बाद हरियाणा बिजली वितरण निगम के एमडी की ओर से उन्हें निलंबित किए जाने का आदेश जारी किया गया था। परिवार का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद से वह लगातार दबाव में थे। हालांकि, पुलिस अभी आत्महत्या की वजह के तौर पर किसी एक कारण की पुष्टि नहीं कर रही है।


अधिकारियों ने भी की थी शिकायत

वीडियो विवाद के बाद सोनीपत बिजली निगम सर्कल के कुछ अधिकारियों ने गीतू राम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। एक्सईएन रणवीर देशवाल, एक्सईएन अश्वनी कौशिक, गन्नौर के एसडीओ सतीश गोयत और सिटी सब डिवीजन के एसडीओ प्रदीप खोखर की ओर से मुख्यमंत्री हरियाणा, बिजली निगम के एमडी और पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत देने की बात सामने आई थी। शिकायत में एसई पर जबरन बिल बनवाने का दबाव डालने, अधिकारियों से गाली-गलौज करने और विशेष समुदाय का हवाला देकर एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए थे। बैठकों में अधिकारियों को मुगल और औरंगजेब जैसे शब्दों से संबोधित करने के आरोप भी लगाए गए थे। शिकायतकर्ताओं ने आरोपों के समर्थन में वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पेश की थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed