{"_id":"57aa25c24f1c1b0f11ee4d6d","slug":"suicide-karnal-suicide-sarpanch-certificate-karnal","type":"story","status":"publish","title_hn":"डीसी के पास पेशी से पहले सरपंच ने किया सुसाइड","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
डीसी के पास पेशी से पहले सरपंच ने किया सुसाइड
ब्यूरो/करनाल,अमर उजाला
Updated Wed, 10 Aug 2016 12:19 AM IST
विज्ञापन
सरपंच ने किया सुसाइड
- फोटो : file
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शैक्षणिक योग्यता को लेकर चल रहे विवाद के चलते गांव कुताना के सरपंच ने डीसी के पास पसर्नल हियरिंग से पहले संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सरपंच का शव उसी के घर के एक कमरे में पंखे पर लटका मिला। मृतक सरपंच की जेब से एक सुसाइड नोट भी प्राप्त हुआ है। इसमें गांव के ही कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। वहीं, सुसाइड नोट में सरपंच ने करनाल के डीसी मनदीप सिंह बराड़ का नाम भी लिखा है और आरोप लगाया है कि डीसी उसको सस्पेंड करना चाहते थे।
विज्ञापन
बता दें कि सरपंच को इस मामले में डीसी ने निजी तौैर पर सुनवाई के लिए मंगलवार को बुलवा रखा था। उधर, घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कोहंड असंध मार्ग पर जाम लगा दिया, हालांकि डीएसपी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। मंगलवार की सुबह कुताना के मौजूदा सरपंच ईश्वर सिंह ने अपने घर के कमरे में पंखे में फंदा डालकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक सरपंच के भाई जीत सिंह ने पुलिस को दिए ब्यान में बताया कि उसका छोटा भाई 33 वर्षीय ईश्वर सिंह हाल ही मेें गांव का सरपंच बना था और जिन लोगों ने ईश्वर के खिलाफ सरपंची का चुनाव लड़ा था, वे शुरू से ही सरपंच की शैक्षणिक योग्यता को लेकर पीछे पड़े हुए थे। जिसका मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन था।
विज्ञापन
जीत सिंह ने बताया कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोग समय-समय पर उसके भाई को अनपढ़ कहकर प्रताड़ित करते थे तथा गांव के विकास कार्यों में भी अडंगा डाल रहे थे। इसको लेकर मृतक ईश्वर सिंह पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था। इस मामले को लेकर डीसी ने मंगलवार को सुनवाई के लिए ईश्वर सिंह को बुलवा रखा था, सुबह करीब पांच बजे ईश्वर अपने कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। सरपंच की मौत की खबर पूरे गांव में फैल गई और भारी संख्या में ग्रामीण सरपंच के घर पर एकत्रित हो गए। मामले की सूचना मिलते ही अतिरिक्त थाना प्रभारी शमशेर सिंह पुलिस व एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पंखे पर लटके सरपंच के शव को नीचे उतारा और जीत सिंह के ब्यान पर राजेश, जोगिंद्र, सुरेश और बलवान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
विज्ञापन
जेब से मिला सुसाइड नोट, 40 हजार में बनवाई डीएमसी
शव की तलाशी के दौरान पुलिस को उसकी जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें गांव के एक व्यक्ति पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और कुछ लोगों से लेनदेन की बात लिखी हुई थी। पुलिस ने सुसाइड नोट को भी अपने कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए करनाल भिजवा दिया। सुसाइड नोट में लिखा है कि डीसी करनाल मनदीप सिंह बराड़ उन्हें सस्पेंड करना चाहते थे, इसलिए मैंने यह काम किया है। शिकायतकर्ता बलवान सिंह कुताना ने मेरी इज्जत खराब की है, इसलिए मैंने खुदकुशी की है। मैं अपनी निजी सुनवाई पहले से ही दे चुका हूं। इसके अलावा सुसाइड नोट में चार लोगों से पैसे का लेनदेन भी लिखा है। इनमें 40 हजार रुपये में डीएमसी बनवाई भी लिखा हुआ है।
गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम
मृतक सरपंच का शव जैसे ही गांव में पहुंचा तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कोहंड असंध मार्ग पर जाम लगाते हुए सुसाइड नोट में नामजद व्यक्तियों को गिरफ्तार करने की मांग की। मृतक सरपंच के परिजनों का कहना है कि गांव के कुछ प्रभावशाली व्यक्ति पिछले काफी समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। जिससे सरपंच दिन-रात परेशान रहता था। इतना ही नही गांव के ये लोग विकास कार्यों में भी अडंगा डाल रहे थे। जाम लगने की सूचना मिलते ही डीएसपी राजकुमार वालिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। गुस्साए ग्रामीणों ने करीब ढाई बजे कोहंड-असंध मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों के पहिये थम गए। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े थे। डीएसपी राजकुमार व पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और उन्होंने जाम खोल दिया।
सरपंच एसोसिएशन ने दिया दो दिन का अल्टीमेटम
कुताना के सरपंच ईश्वर सिंह द्वारा आत्महत्या करने की सूचना सरपंचों को मिली तो पूरे क्षेत्र के सरपंच मौके पर पहुंच गए। सरपंच एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि पूरी सरपंच एसोसिएशन वीरवार तक अपना पंचायत संबंधी समस्त कार्य बंद रखेगी तथा प्रशासन को भी अल्टीमेटम दिया है कि अगर वीरवार तक सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे बैठक कर धरना प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
चार लोगों के खिलाफ किया मामला दर्ज
पुलिस जांच अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि छानबीन के दौरान सरपंच के कपड़ों से सुसाइड नोट मिला है। इसमें गांव के एक व्यक्ति द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की बात कही गई है। मृतक के भाई की शिकायत पर राजेश, जोगिंद्र, सुरेश व बलवान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह है मामला
ईश्वर सिंह ने चुनाव के दौरान दसवीं कक्षा पास का सर्टिफिकेट लगाया हुआ है, जबकि चुनाव में उनसे हारे बलवान सिंह व अन्य ने इसके खिलाफ शिकायत दी हुई है। इस मामले की जांच बीडीपीओ घरौंडा ने की थी और जांच डीसी को सौैंप दी थी। बीडीपीओ ने अपनी जांच में सरपंच की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाए थे और रिपोर्ट डीसी को सौंप दी थी। इसलिए डीसी ने सरपंच को सुनवाई के लिए मंगलवार को बुलवाया था। चुनाव के बाद से ही गांव में इस मामले को लेकर दो पक्ष बने हुए थे और लगातार तनाव का माहौल बना हुआ था।
वर्जन
यह दुखद घटना है। जिले के एक गांव के सरपंच का यूं चले जाना बेहद पीड़ादायक है। सरपंच के खिलाफ शैक्षणिक योग्यता को लेकर एक जांच चल रही थी। बीडीपीओ ने इसकी जांच रिपोर्ट तैयार की थी। सरपंच को अपने तथ्य व सबूत देने को लेकर पूरा समय दिया गया। अभी तक इस मामले में प्रशासन ने कोई एक्शन नहीं लिया है और जांच के लिए ही सरपंच को पसर्नल हियरिंग के लिए बुलाया गया था, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
-मनदीप सिंह बराड़, डीसी, करनाल