Karnal: नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगे 38 लाख, खुद को MLA और कांग्रेस नेता का नजदीकी बताकर दिया झांसा
आरोपियों ने विधायक समालखा धर्मसिंह छौक्कर और कांग्रेसी नेता शकील अहमद के साथ नजदीकी बताकर झांसा दिया। पीड़ित ने 12 जनवरी 2011 को 25 लाख, सात मई 2013 को 12 लाख और एक लाख बाद में दिए थे।
विस्तार
हरियाणा के करनाल के गांव डीगर माजरा के एक युवक से गांव राणा माजरा के एक परिवार ने अपनी समालखा विधायक धर्मसिंह छौक्कर और कांग्रेस नेता शकील अहमद के साथ नजदीकी बताकर जेई की नौकरी लगवाने के नाम पर 38 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। उधर समालखा विधायक धर्मसिंह छौक्कर का कहना है कि वे आरोपी और पीड़ित में से किसी को नहीं जानते।
गांव डीगर माजरा घरौंडा निवासी सुमित कुमार ने घरौंडा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एमटेक पास है। उनकी फारूख निवासी गांव राणा माजरा, तहसील बापौली जिला पानीपत के साथ पुराना परिचय है। ऐसे में उसके पिता रणजीत सिंह की आरोपी से जान पहचान हो गई।
आरोपी और इसके लड़कों मारूख, शारूख ने साल 2009-10 में उसके पिता को बताया कि उनकी धर्म सिंह छौक्कर विधायक समालखा व शकील अहमद कांग्रेस नेता के साथ अच्छी जानकारी है और वो उसके बेटे को जेई की नौकरी पर लगवा देंगे और छह माह के अंदर ही उसे एसडीओ के पद पर लगवा देंगे।
इसके बाद साल 2011 में नौकरी का फार्म भी खुद ही लाकर दिया व भरवाया और उसके बाद युवक के पिता से 38 लाख रुपये की मांग की और बाद में आरोपी फारूख ने उन्हें पैसे देने के लिए मॉडल टाउन करनाल बुलाया था। उसके पिता ने कैमला गांव में जमीन बेचकर राजीव चौहान के मॉडल टाउन स्थित दयानंद कॉलोनी मकान नंबर 38/1 में 12 जनवरी 2011 को 25 लाख रुपये आरोपी मारूख व फारूख को दे दिए। पैसे देते समय उसके पिता, चाचा सुरजीत सिंह मौजूद थे। इसके बाद जेई के पद के लिए उसका इंटरव्यू 31 मई 2013 को होना तय हुआ था और आरोपियों ने उसके पिता से बकाया राशि देने की मांग की।
यह भी पढ़ें : Haryana: एक्शन में गृहमंत्री विज, हवलदार और एसपीओ सस्पेंड, दो एसएचओ के तबादले के निर्देश
आरोपी फारूख व उसकी पत्नी नसीमा सात मई 2013 को उनके गांव डीगर माजरा आए और उसके घर से 12 लाख रुपये ले गए। उसी दौरान जल्द ही नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने बचे हुए एक लाख रुपये की मांग की तो उसने अपने भाई से एक लाख रुपये लेकर आरोपी को गांधी फार्मेंसी जीटी रोड करनाल पर दे दिए।
उन्होंने कहा कि यह रकम उन्हें चंडीगढ़ पहुंचानी है। काफी समय बीतने के बाद उसे नौकरी नहीं लगवाया गया। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। वहीं उसे दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी दे रहे है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वे आरोपी और पीड़ित में से किसी को नहीं जानते। वे स्वयं पुलिस थाने में जाकर इस पर कार्रवाई के लिए बोलेंगे और वहीं अपनी भी शिकायत दर्ज करवाएंगे क्योंकि इससे उनकी छवि धूमिल हुई है। -धर्मसिंह छौक्कर, विधायक समालखा, पानीपत।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अभी जांच चल रही है। जांच के बाद ही सच सामने आ पाएंगा और वे कुछ बता पाएंगे। -दीपक कुमार, थाना प्रभारी, घरौंडा।