कलायत निवासी युवक की हत्या मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के लिए आरोपी का दो दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि कलायत निवासी मनोज की हत्या के मामले में आरोपी पिंजूपुरा निवासी गुरचरण को गिरफ्तार कर लिया गया। कलायत निवासी मोनिका की शिकायत के अनुसार उसके पति मनोज ने कलायत में केबल डिश का ऑफिस खोल रखा है। एक अप्रैल को उसका पति ऑफिस में गया था। शाम करीब पांच बजे जब उसने मनोज को फोन किया तो फोन नहीं उठाया, लेकिन कॉल जा रही थी। जब देर शाम तक मनोज घर नहीं आया तो आस पड़ोस से भी पता किया, लेकिन मनोज का कोई पता नहीं लगा। इस पर थाना कलायत में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया। कलायत पुलिस को तीन अप्रैल को नरवाना के पास सिरसा ब्रांच नहर में शव मिलने की सूचना मिली। शव की शिनाख्त मनोज के रूप में हुई। मामले में हत्या की धारा समेत अन्य धाराएं जोड़कर जांच की गई तो पता चला कि उसकी हत्या की गई थी। मामले में पहले दो आरोपी सुखवंत उर्फ रीठा व रघुवीर उर्फ सोनू गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ था कि आरोपियों ने पैसों के विवाद को लेकर मनोज की गोली मारकर हत्या की थी। आरोपी गुरचरण का दो दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।