कैथल। एंटी करप्शन आर्गेनाइजेशन ने थानों और पुलिस चौकियों के बाहर विजिलेंस विभाग के टोल फ्री नंबर अंकित करवाने की कवायद शुरू कर दी है। एंटी करप्शन के हरियाणा प्रभारी नरेश कुमार ने इसके लिए गृह मंत्री अनिल विज के साथ डीजी चंडीगढ़ विजिलेंस शत्रुजीत कपूर, डीआईजी विजिलेंस अंबाला अशोक कुमार को पत्र भेजा है। संगठन की बैठक में लिए गए फैसले के बाद इन अधिकारियों और नेताओं से मांग की गई है कि लोगों की सुविधा के लिए ये नंबर अंकित किए जाएं। हरियाणा प्रभारी नरेश कुमार ने कहा कि बढ़ते भ्रष्टाचार को देखते हुए जिस तरह से सरकारी कार्यालयों के बाहर विजिलेंस विभाग के टोल फ्री नंबर अंकित करवाए गए हैं। अब उसी तर्ज पर जनहित को देखते हुए जिन पुलिस थानों और चौकियों के बाहर टोल फ्री नंबर अंकित नहीं है, वहां नंबर अंकित करवाने के लिए गृह मंत्री अनिल विज के साथ डीजी चंडीगढ़ विजिलेंस शत्रूजीत कपूर, डीआईजी विजिलेंस अंबाला अशोक कुमार को पत्र भेज दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही सरकार और प्रशासन के सहयोग से हरियाणा के थानों और चौकियों के बाहर विजिलेंस के टोल फ्री नंबर अंकित करवा दिए जाएंगे। इसका फायदा यह होगा कि आमजन को यदि कोई कर्मचारी परेशान करता है तो वह इन नंबरों के माध्यम से विजिलेंस तक पहुंच सकता है। इस मौके पर बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान अधिवक्ता पी.एल. भारद्वाज, संगठन के कानूनी सलाहकार अधिवक्ता राकेश खानपुर, मुख्य सलाहकार नाजर सिंह दयौरा, उपप्रधान सतपाल सिंगला, प्रेम कुमार मक्कड़, पवन कुमार, ईश्वर दास, नवीन बग्गा, पुनीत सिंगला, गौरव कुमार, नवीन कुमार मौजूद थे।