कैथल। डेरा गरजा सिंह में शराब को लेकर हुई कहासुनी में दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। सिटी थाना में दी शिकायत में डेरा गरजा सिंह पट्टी अफगान निवासी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करता है। साथ ही शराब बेचने का भी काम करता है। 17 मई को वह शराब लेकर आ रहा था। उसके पड़ोसी बलिहार सिंह ने ठेकेदारों को इस बारे में बता दिया। वह बीच रास्ते में ही शराब की बोतल फेंक कर भाग गया है। अगले दिन रात को करीब नौ बजे बलिहार सिंह, उसकी पत्नी बलविंद्र कौर, गुलजार सिंह व उसकी पत्नी परमजीत कौर गली में खड़े थे। जब उसने उनसे ठेकेदारों को सूचना देने के बारे पूछा तो वे झगड़ा करने लगे। झगड़े की सूचना पाकर उसके पिता रामसिंह भी मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव करने किया। आरोपियों ने उसके पिता के साथ मारपीट करते हुए उसे धक्का मार दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया और जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच कर मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले की जांच कर रहे एसआई रामकुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के बेटे गुरप्रीत के ब्यान पर पट्टी अफगान निवासी चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।