गुहला-चीका। दी चीका कोऑपरेटिव सोसाइटी (पैक्स) की वार्षिक आमसभा सोमवार को समिति परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पैक्स सदस्य कृष्ण सिंह ने की, जबकि संचालन एवं विस्तृत जानकारी पैक्स प्रबंधक कर्मवीर सिंह उर्फ कर्मा ने दी। बैठक में इंस्पैक्टर विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्यों एवं किसानों ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए पैक्स प्रबंधक कर्मवीर सिंह ने कहा कि किसानों ने जिस विश्वास के साथ समिति को जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के लिए संचालित सभी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पात्र किसानों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना समिति की प्राथमिकता है। बैठक में सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) को बहुउद्देशीय एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं पहलों की विस्तार से जानकारी दी गई।
सदस्यों को बताया गया कि अब पैक्स केवल कृषि ऋण वितरण तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि कृषि प्रसंस्करण, वैज्ञानिक भंडारण, गोदाम निर्माण, कस्टम हायरिंग सेंटर, कॉमन सर्विस सेंटर, किसान उत्पादक संगठन (एफ.पी.ओ.), जन औषधि केंद्र, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र, सौर ऊर्जा परियोजनाएं, बैंक मित्र, माइक्रो एटीएम, डिजिटल बैंकिंग, रूपे किसान क्रेडिट कार्ड, ग्रामीण पेयजल योजनाएं तथा एल.पी.जी. एवं पेट्रोल-डीजल वितरण जैसी अनेक जनोपयोगी सेवाओं का भी संचालन करेंगे। बैठक में समिति की आय बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष ऋण वसूली अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वे प्रत्येक बकायेदार सदस्य से व्यक्तिगत संपर्क कर समयबद्ध वसूली सुनिश्चित करें। बैठक के अंत में पूर्व प्रधान नायब सीड़ा, परमपाल टटियाना, गुरनाम सिंह, गुरनेक सिंह, गुरमीत सिंह, रमन, गुरपेज सिंह, गुरमेल सिंह, बीरा राम मौजूद रहे।

चीका में बैठक में भाग लेते किसान।