ढांड। हरियाणा के सरकारी सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षक और गैर-शैक्षिक कर्मचारी वेतन, एचआरए, ग्रेच्युटी और मेडिकल सुविधाओं सहित विभिन्न मांगों के लिए आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं। कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन ने प्रबंधन समितियों और प्राचार्यों से कर्मचारियों की समस्याएं सरकार तक पहुंचाने और शांतिपूर्ण धरनों को समर्थन देने की अपील की है। शनिवार को बाबू अनंतराम जनता महाविद्यालय कौल के शिक्षकों ने प्राचार्य डॉक्टर ऋषिपाल को यूनियन की तरफ से मांग पत्र सौंपा। यूनियन की प्रमुख मांगों में लंबित वेतन का भुगतान, सातवें वेतन आयोग के अनुसार एचआरए, मेडिकल सुविधा, महिला कर्मचारियों को सीसीएल, एक्स-ग्रेशिया पॉलिसी लागू करना और एनपीएस कर्मचारियों को ग्रेच्युटी लाभ शामिल हैं।
उप प्रधान डॉ. कुसुम कांगर ने कहा कि लगातार उपेक्षा से कर्मचारियों की आर्थिक और मानसिक स्थिति प्रभावित हुई है। वहीं डॉ. सुदीप कुमार ने चेतावनी दी कि अब अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक आंदोलन जरूरी हो गया है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

16 ढांड 02 प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए संगठन के सदस्य।