गुहला-चीका। फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर कृषि विभाग की ओर से ग्राम स्तर के साथ-साथ स्कूलों में भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। एसडीएम के मार्गदर्शन में चीका क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलेमपुर, गुहला, भागल, भूंसला, कवारतन और रसूलपुर में पर्यावरण संरक्षण विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और चित्रों के माध्यम से पराली न जलाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपमंडल कृषि अधिकारी कंचन शर्मा ने बताया कि फसल अवशेष जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ खेत की उर्वरा शक्ति पर भी असर पड़ता है। किसानों को पराली जलाने के बजाय फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करना चाहिए। इससे भूमि की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ वायु प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को भी अपने परिवार और आसपास के लोगों को पराली न जलाने के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विभाग की ओर से मेडल देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए। इस दौरान प्रधानाचार्य, ड्राइंग शिक्षक, खंड कृषि अधिकारी रोहित रतन, नरेंद्र कुमार, सहायक अमी लाल, गुरुजीत सिंह और अनुज कुमार सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।