पूंडरी। एचएसईबी वर्कर यूनियन की सब यूनिट नंबर-1 पूंडरी के आह्वान पर कर्मचारियों ने शुक्रवार को सुनील जेई व नरेश जेई के तबादले के विरोध में सुबह 9 से 11 बजे तक गेट मीटिंग कर रोष जताया। कर्मचारियों ने स्थानीय विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक विभाग के नियमों को दरकिनार कर दबाव बनाते हैं। कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं। जिसके चलते दोनों कर्मचारियों का गलत तरीके से तबादला किया गया है, जिससे कर्मचारियों व संगठन में रोष है।
प्रवीण बत्तान ने कहा कि यदि विधायक और कार्यकारी अभियंता पूंडरी ने कथित मनमानी व तानाशाहीपूर्ण आदेश को रद्द नहीं करवाया तो यूनिट आगामी कार्रवाई के लिए स्वतंत्र होगी। उन्होंने कहा कि समाधान नहीं होने पर सोमवार से विरोध प्रदर्शन में कड़ा फैसला लिया जाएगा। गेट मीटिंग के दौरान यूनिट पदाधिकारियों ने सर्कल सचिव से बातचीत कर आगामी यूनियन कार्रवाई पर भी चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता यूनिट प्रधान प्रवीण बत्तान ने की, जबकि मंच संचालन उपप्रधान सोहन लाल ने किया। इस दौरान यूनिट प्रधान जितेंद्र बाकल, यूनिट सचिव राममेहर, जेई सोनू, जेई प्रवेश, जेई नरेश, जेई सुनील, हरिकिशन, सुनील मौजूद रहे।