फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Kaithal News ›   nagar parishad, meeting, parshad, chairman, kaithal

शहर में दो जगह लगेंगी ट्रैफिक लाइटें, रविदास सभा के निकट रविदास गेट

Tue, 06 Dec 2016 12:04 AM IST
ब्यूरो कैथल
ब्यूरो कैथल Updated Tue, 06 Dec 2016 12:04 AM IST
विज्ञापन
nagar parishad, meeting, parshad, chairman, kaithal
हंगामेदार बैठक में कई पार्षदों ने जताया रोष - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
नवगठित नगर परिषद की दूसरी बैठक चेयरमैन यशपाल प्रजापति की अध्यक्षता में सोमवार को काफी हंगामेदार रही। करीब ढाई घंटे तक चली मैराथन मीटिंग में सत्ता पक्ष ने 42 में से 38 एजेंडे पास होने की बात कही। वहीं विरोधी पक्ष के करीब 16 पार्षदों ने बैठक के बाद ईओ को हस्ताक्षर कर पिछली बैठक की कार्रवाई को पुष्टि करने एवं वर्तमान बैठक की कार्रवाई पर सवाल उठाए। ईओ ने कहा कि विरोध केवल बैठक में होता है। बैठक में जो एजेंडे पास हो गए, उन पर नियमानुसार कार्य होगा। बैठक में शहर के दो जगहों पर ट्रैफिक लाइट लगाने, रविदास धर्मशाला के पास रविदास गेट बनाने, हड्डी रोडा बनाने व चेयरमैन के लिए गाड़ी खरीदने जैसे कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी गई।
विज्ञापन


साढ़े तीन बजे बैठक के शुरू होते ही पार्षदों ने वीडियोग्राफी का विरोध कर दिया। पार्षदों के विरोध के बाद कैमरा बंद कर दिया गया। इसके बाद पार्षदों ने पिछली बैठक में पास किए गए सभी वार्डों में 10-10 लाख रुपये के विकास कार्य शुरू न होने पर विरोध जताया। पार्षद मोहन लाल शर्मा, बिल्लू सैनी, नरेश मित्तल, वेदप्रकाश सहित कई वार्डों के पार्षदों ने शहर में कई वार्डों में काम ना होने की बात उठाई। इसी बीच महिला पार्षदों में बबिता मित्तल, निशा गर्ग, महेंद्रो रानी, रेखा सिंगला ने अपने-अपने वार्डों में विकास कार्य न होने की बात कही। करीब ढाई घंटे तक बैठक में जमकर हंगामा हुआ। कई पार्षदों की आपस में तू-तू-मैं-मैं भी हुई। 3 बजकर 30 मिनट पर शुरू हुई बैठक करीब 6 बजे संपन्न हुई। बैठक के दौरान कई बार पार्षद अपनी सीटों से खड़े होकर एजेंडे एवं पूर्व की बैठक का विरोध करते नजर आए।
विज्ञापन


ये होंगे शहर में विकास कार्य:-
1. पिहोवा चौक व करनाल रोड पर 10-10 लाख रुपये से ट्रैफिक लाइट लगाए जाने
2. नगर परिषद चेयरमैन की गाड़ी खरीदने
3. शहर में कूड़ा कर्कट उठाने के लिए 15 छोटे ट्रैक्टर ट्राली खरीदने
4. गुरु रविदास आश्रम के निकट रविदास गेट बनाए जाने।
5. खुराना रोड पर हड्डी रोड़ा बनाए जाने।
6. दमकल भवन को एक बार फिर से पास किया गया। पूर्व की बैठकों में भी यह पास हो चुका है। लेकिन निर्माण अभी तक नहीं हुआ।
7. शहर में 18 जगहों पर जहां कचरा डाला जाता है, वहां चारदीवारी बनाई जाएगी।
इन विकास कार्यों के अलावा सत्ता पक्ष ने 42 में से 38 एजेंडे पारित करने की जानकारी दी।

इन प्रस्तावों का हुआ विरोध
1. शहर में प्रॉपर्टी टैक्स का आंकलन करने वाली दिल्ली की फर्म को दोबारा से टेंडर दिए जाने का विरोध हुआ। जिस कारण अब इसके लिए दोबारा से टेंडर छोड़ा जाएगा। प्रस्ताव में इसी संस्था को टेंडर दिए जाने की बात कही गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

2. नक्शे पास करने की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए। पार्षद नरेश मित्तल ने कहा कि इस कार्य में पारदर्शिता लाई जाए और हाउस को जानकारी दी जाए।
3. घर-घर से कूड़ा कर्कट उठाने का ठेका उसी फर्म को दिए जाने का विरोध हुआ। 31 दिसंबर के बाद दोबारा से टेंडर अलॉट किया जाएगा।
4. हुडा सेक्टरों में 5 लाख रुपये की दवा स्प्रे पर आपत्ति जताई गई। इसे नियमानुसार करवाए जाने की सहमति जताई गई।
5. डेढ़ लाख रुपये का चूना खरीदने का विरोध हुआ तो इसे भी नियमानुसार दोबारा विचारित करने का फैसला लिया गया।
6. कचरा उठाने के लिए 3 लाख 50 हजार के दस्ताने खरीद का विरोध होने पर इसे भी कम कीमत पर खरीदने की मंजूरी दी गई।

पार्षदों ने किया मुखर विरोध
नगर परिषद की ढाई घंटे तक लंबी बैठक शायद पहली बार हुई। जिसमें पार्षदों ने मुखर होकर अपनी बात रखी और कई बातों का खुलकर विरोध किया।

किस पार्षद ने क्या कहा:-

मेरे वार्ड में अभी तक एक कंकर तक नहीं लगी
वार्ड नंबर 9 की बबिता मित्तल ने कहा कि उनके वार्ड में अभी तक एक कंकर तक नहीं लगी। वार्ड में पेंटिंग कार्य चल रहा है, मुझे पता तक नहीं। मेरे वार्ड मेें सफाई कर्मचारी को वेतन तक नहीं दिया जा रहा। ईओ कहते हैं नोटबंदी के कारण काम नहीं हुआ।

बिना जानकारी के हो रहे हैं कार्य
वार्ड नंबर 4 की पार्षद महेंद्रो देवी ने कहा कि मेरे वार्ड में मेरी जानकारी के बिना काम हो रहे हैं। उनकी गुणवत्ता की जांच नहीं होती।

पिछली बैठक में धोखे से करवाए हस्ताक्षर
वार्ड नंबर 18 की रेखा सिंगला ने कहा कि पिछली बैठक में धोखे से उनके प्रस्तावों पर हस्ताक्षर करवा लिए गए। एजेंडे की प्रति कई माह बाद दी गई।

खेल का मैदान बन गया ऊधम सिंह पार्क
पार्षद निशा गर्ग ने कहा कि मेरे वार्ड में ऊधम सिंह पार्क खेल का मैदान बन गया है। मैं खुद वहां से गंदगी उठवाती हूं। कोई सुनवाई नहीं।

भ्रष्टाचार की आशंका पर उठाए हैं सवाल
वार्ड नंबर 21 से पार्षद नरेश मित्तल ने कहा कि शहर में लाखों रुपये के चूना, लाखों की दवा छिड़काव, ट्रेक्टर-ट्रालियों की मरम्मत सहित कई मुद्दों में भ्रष्टाचार की आशंका के चलते आवाज उठाई गई।

कर्मचारियों का नहीं कट रहा पीएफ
वार्ड नंबर 29 के पार्षद बिल्लू ने कहा कि 30 कर्मचारी ऐसे हैं, जिनका 19 माह से पीएफ नहीं कट रहा। 10-10 लाख रुपये से कैथल का विकास संभव होता तो पूर्व मंत्री रणदीप सुरजेवाला को कौन याद करता? वार्डों में काम नहीं हो रहे।

15 पार्षदों ने जताई एजेंडे पर असहमति
वार्ड नंबर 28 के पार्षद मोहन लाल ने कहा कि न केवल पिछली बैठक, बल्कि इस बैठक मेें रखे गए एजेंडे का भी 16 पार्षदों ने विरोध करते हुए ईओ को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन दिया है। जिस कारण अधिकतर एजेंडे पास नहीं हुए हैं।

शहर में समान रूप से हो रहा है विकास, राजनीति के कारण विरोध
पार्षद गोपाल सैनी ने कहा कि शहर में समान रूप से विकास हो रहा है। केवल राजनीति के लिए विरोध हो रहा है। अधिकतर वार्डों में काम शुरू हो गया है। अधिकतर में शुरू होना है। बैठक में चेयरमैन की गाड़ी खरीदने सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य मंजूर हुए हैं।

बैठक में पास हुए एजेंडे से बदलेगी शहर की तस्वीर
पार्षद गौरव ढुल ने कहा कि बैठक में चेयरमैन यशपाल प्रजापति के नेतृत्व में 38 एजेंडों को स्वीकृति मिली है। इन कार्यों के पूरे होने पर शहर की तस्वीर बदल जाएगी।

ट्रैफिक लाइटों से होगा बड़ेे शहरों में शुमार
ट्रैफिक लाइटों के शुरू होने से कैथल बड़े शहरों में शुमार होगा। भाजपा सरकार की नीति के तहत शहर का समान रुप से विकास हो रहा है।

जमीनी स्तर पर हो रहा है काम
पार्षद आशा रानी ने कहा कि चेयरमैन की अध्यक्षता में शहर में काफी काम हो गए हैं। इतनी कम अवधि में सरकार द्वारा स्वीकृति ग्रांट भी मिल चुकी है। काम भी शुरू हो गए हैं। शीघ्र ही जनता को इनका लाभ मिलेगा।

शीघ्र सभी जगह हो पूरा हो जाएगा काम
पार्षद विनोद सोनी ने कहा कि भेदभाव के आरोप गलत हैं। सभी वार्डों के लिए काम मंजूर हो गए हैं। कहीं ठेकेदार ने शुरू कर दिए हैं, कहीं शुरू होने हैं।

सत्तापक्ष का किया मजबूती से बचाव
वार्ड नंबर 26 से पार्षद संतोष भोला ने बैठक में सत्तापक्ष पर लगे आरोपों पर मजबूती से बचाव किया और कहा कि शहर में विकास कार्य चल रहे हैं। केवल राजनीति के चलते कुछ पार्षद विरोध कर रहे हैं।



यह पहली बार हुआ है कि नगर परिषद की बैठक में इतने लंबे समय तक लोकतांत्रिक तरीके से पार्षदों को अपनी बात रखने का अवसर मिला है। बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद 42 में से 38 एजेंडे पारित किए गए हैं। जिस पार्षद की विकास न किए जाने की शिकायत थी, उसे इसका कारण बता दिया गया है। सभी वार्डों में समान रूप से विकास होगा। शहर के विकास में सभी पार्षदों के सुझावों का स्वागत किया गया।
यशपाल प्रजापति, चेयरमैन नगर परिषद, कैथल।

बैठक में 38 एजेंडे पास हुए हैं। इसके अलावा 8 से 10 सप्लीमेंटरी एजेंडे पास हुए हैं। एजेंडों पर नियमानुसार काम होगा।
एमएस जगत, ईओ नगर परिषद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed