कैथल। जूडो प्रतियोगिता में जाट स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों ने सीबीएसई की राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पदक अपने नाम किए। अलग-अलग भार वर्गों में खिलाड़ियों ने तकनीक, फिटनेस और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों में मजबूत चुनौती पेश की। पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों के स्वागत से स्टेडियम में खुशी का माहौल रहा। प्रतियोगिता में 25 किलोग्राम भार वर्ग में आयुष ने कांस्य पदक, 50 किलोग्राम में मुस्कान कौर ने कांस्य, 60 किलोग्राम में जशन ने रजत, 66 किलोग्राम में कुनाल ने कांस्य और 73 किलोग्राम भार वर्ग में वैभव ने रजत पदक हासिल किया। सीबीएसई की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन मिनर्वा पब्लिक स्कूल जींद रोड असंध में किया गया। खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से जाट स्टेडियम के जूडो कोच राजेश कुमार के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। खिलाड़ियों ने बताया कि निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत से उन्हें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास मिला। जाट समिति की ओर से पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वागत कर उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी गईं। खिलाड़ियों की तैयारी में स्वतंत्र सिंह, गणतंत्र सिंह, शिव कुमार डीपीई, मदन सिंह, डीपीई शमशेर सिंह और डीपीई सविता राजराणा का भी सहयोग रहा। इस अवसर पर हिमांशु शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धि से अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

पदक विजेता खिलाड़ी कोच व स्टाफ के साथ। कोच