सीवन। प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से 27 अक्तूबर को डेरा गोविंदपुरा में संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, इसकी तकनीकों और लाभों के बारे में जानकारी देंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को खेती की लागत कम करने, मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रोत्साहित करना है।
शहीद उधम सिंह इंटरनेशनल फाउंडेशन के प्रधान हरजिंदर सिंह चीका ने बताया कि राज्यपाल आचार्य देवव्रत डेरा गोविंदपुरा स्थित डेरा किशने वाली कुई में पूर्व सरपंच गज्जन सिंह गोविंदपुरा के निवास पर आयोजित संगोष्ठी में शिरकत करेंगे। इस दौरान किसानों को प्राकृतिक पद्धतियों से खेती करने और रासायनिक खादों और कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने के बारे में जागरूक किया जाएगा। संगोष्ठी में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हरजिंदर सिंह चीका ने वीरवार को सीवन और आसपास के कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों और किसानों से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे 27 अक्तूबर को डेरा गोविंदपुरा पहुंचकर राज्यपाल के विचार सुनें और प्राकृतिक खेती से संबंधित जानकारी प्राप्त करें। इस अवसर पर मलकीत सिंह, कुलदीप सिंह, परमजीत सिंह, हजारा सिंह, गज्जन सिंह गोविंदपुरा, हरजिंदर सिंह, बलदेव सिंह, सुखवंत सिंह, तरसेम सिंह, अमरीक सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर मलकीत सिंह, कुलदीप सिंह, परमजीत सिंह, हजारा सिंह, गज्जन सिंह गोविंदपुरा, हरजिंदर सिंह, बलदेव सिंह उपस्थित रहे।