Haryana: पूर्व डिप्टी सीएम से सवाल-जवाब करने वाले दो युवकों पर जानलेवा हमला, इन पर लगाए हमले के आरोप
गुहला-चीका में पूर्व डिप्टी सीएम का विरोध करने वाले युवकों पर अज्ञात आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवकों ने जजपा पार्टी के समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया है।
विस्तार
कैथल के गुहला क्षेत्र में मंगलवार को चुनाव प्रचार करने आए पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के साथ गांव के ही एक इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी को सवाल-जवाब करना उस समय भारी पड़ गया जब बहस के अगले ही दिन युवक व उसके भतीजे पर जानलेवा हमला हो गया। घायल हुए दोनों युवकों को तुरंत गुहला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कैथल रेफर कर दिया।
गौरतलब है कि पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला गुहला प्रत्याशी कृष्ण बाजीगर के पक्ष में चुनाव प्रचार करने गांव हरिगढ़ किंगन में आए थे। कार्यक्रम के दौरान जब दुष्यंत चौटाला सभा को संबोधित करने के लिए उठे तो गांव के ही कबड्डी खिलाड़ी काला हरिगढ़ व उसके साथी दुष्यंत चौटाला से बहस करने लगे।
इस दौरान काला ने आरोप लगाया कि दुष्यंत चौटाला ने सरकार में रहते हुए कबड्डी खिलाड़ियों के लिए कुछ नहीं किया। काला ने दुष्यंत से कहा कि मदद मांगने वे चंडीगढ़ में उनसे मिलने गए थे, लेकिन वहां पर खिलाड़ियों से सीधे मुंह बात न करके उन्हें खेल बदलने की सलाह दी गई। कबड्डी खिलाड़ी काला ने इस बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी किया था।
इसके अगली ही रात आधा दर्जन लोगों ने काला व उसके भतीजे सुखचैन पर तेजधार हथियारों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस हमले में काला के सिर में व सुखचैन के चेहरे पर चोटें आई हैं। कैथल में इलाज के दौरान काला हरिगढ़ ने इस हमले के लिए गांव के ही रघबीर, भरत व गुरमुख सहित तीन-चार अन्य लोगों को जिम्मेवार ठहराया है। काला ने आरोप लगाया है भरत ने फोन कर उसे बुलाया था और वहां पर पहले से ही घात लगाए बैठे उनके साथियों ने उनके ऊपर हमला कर दिया।
उन्होंने कहा कि हमला करने वाले सभी लोग जजपा से संबंध रखते हैं। उधर, इस झगड़े में घायल हुए दूसरे पक्ष के भरत ने बताया कि काला ने अपने साथियों के साथ उनके घर आकर अपशब्द कहे और हमला किया था। भरत ने आरोप लगाया कि काला गलत संगत में पड़ा हुआ है और पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है। इस हमले में भरत, रघबीर व गुरमुख घायल हुए हैं।
बुधवार रात को गांव हरगिढ़ में हुए झगड़े में एक तरफ जहां काला व सुखचैन को चोटें आई हैं वहीं दूसरे पक्ष के रघबीर, भरत व गुरमुख भी घायल हुए हैं। हमले में घायल हुए काला व सुखचैन के ब्यान दर्ज करने पुलिस कर्मचारी कैथल अस्पताल गए थे लेकिन उन्होंने ब्यान दर्ज करवाने में असमर्थता जताई है। अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से पुलिस के पास लिखित शिकायत नहीं आई है। शिकायत प्राप्त होते ही कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। -रामपाल, सब इंस्पेक्टर, जांच अधिकारी थाना चीका।
दिग्विजय बोले, कबड्डी खिलाड़ी पर हमले से जजपा का कुछ लेना देना नहीं
इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी काला हरिगढ़ व उनके भतीजे पर हुए हमले से जजपा ने पूरी तरह से पल्ला झाड़ लिया है। जजपा के राष्ट्रीय महासचिव व विधानसभा चुनाव में डबवाली से पार्टी उम्मीदवार दिग्विजय चौटाला ने एक बयान जारी कर कहा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि कबड्डी खिलाड़ी काला हरिगढ़ शराब पीकर अपशब्द कह रहा था और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार कर रहा था। यह झगड़ा उसी का परिणाम है। इस हमले का दुष्यंत चौटाला से बहस करने के मामले में कुछ लेना-देना नहीं है।