Kaithal: डीएसपी की फोटो व्हाट्सएप पर लगाकर 25 हजार रुपये ठगे, गूगल-पे पर कराया भुगतान
साइबर थाने में मामले की शिकायत दी गई है। साथ ही मामला संज्ञान में आने पर डीएसपी ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति का संदेश आए तो वो यकीन न करें।
विस्तार
हरियाणा के कैथल में अज्ञात ने कलायत के डीएसपी सज्जन सिंह की फोटो व्हाट्सएप पर लगा कर उनकी जान पहचान के एक व्यक्ति से 25 हजार रुपये ठग लिए। इसकी शिकायत कैथल निवासी जिले सिंह ने साइबर थाना पुलिस को दी है।
जिले सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास 29 जनवरी को शाम के सात बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके व्हाट्सएप पर संदेश भेजा। उस नंबर पर डीएसपी कलायत सज्जन सिंह की डीपी लगी थी। अज्ञात ने पहले संदेश में उसे बताया कि वह डीएसपी सज्जन सिंह बोल रहा है।
उसे 25 हजार रुपये की जरूरत पड़ गई है। वह उसके पास गूगल पे कर दें। उसने व्हाट्सएप के माध्यम से गूगल पे का नंबर दिया और 25 हजार रुपये डाल दिए। इसके बाद फिर से दोबारा अज्ञात ने संदेश भेजा। इसके बाद फिर से संदेश आया कि उसे 20 हजार रुपये की और जरूरत है। इसके बाद उसने डीएसपी को यह जानकारी दी तो उसे पता चला कि उसके साथ ठगी हो गई है।
अब डीएसपी ने अज्ञात द्वारा पैसों की मांग करने की जानकारी अपने व्हाट्सएप और फेसबुक पर देकर लोगों को सचेत किया है। पुलिस मामले की छानबीन में लगी है। डीएसपी सज्जन ने बताया कि व्हाट्सएप के स्टेटस पर किसी अज्ञात द्वारा उनकी प्रोफाइल फोटो लगा कर रुपयों की मांग की जा रही है। कोई भी नंबर पर रुपये न भेजें।