{"_id":"6a3d745f350acecb6802a357","slug":"cpi-condemns-action-taken-against-the-people-of-chanaut-village-kaithal-news-c-245-1-kn11005-151417-2026-06-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kaithal News: चानौत गांव के लोगों पर कार्रवाई की सीपीआई ने की निंदा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kaithal News: चानौत गांव के लोगों पर कार्रवाई की सीपीआई ने की निंदा
विज्ञापन
कैथल। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) हरियाणा राज्य कमेटी ने गांव चानौत के ग्रामीणों पर की गई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। पार्टी के राज्य सचिव कामरेड प्रेम चंद ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भाखड़ा नहर से हांसी शहर के लिए अमृत योजना के तहत बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन से टी-पॉइंट लगाकर गांव चानौत को भी स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग के लिए ग्रामीण पिछले 16 मई से आंदोलन कर रहे हैं। यह आंदोलन अब 41 दिन से चल रहा है। उन्होंने कहा कि गांव के लोग लंबे समय से पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल के अभाव में दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। बार-बार मांग उठाने के बावजूद जब सरकार और प्रशासन ने समस्या का समाधान नहीं किया तो ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को साफ पानी उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीणों की जायज मांगों की अनदेखी की है। शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे लोगों पर पुलिस की ओर से आंसू गैस के गोले दागने और लाठीचार्ज जैसी कार्रवाई की गई। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में स्वच्छ पेयजल की मांग लगातार उठ रही है लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे के प्रति संवेदनशीलता नहीं दिखा रही। गांव के सैकड़ों लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
पार्टी ने मांग की है कि चानौत गांव के लोगों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं और ग्रामीणों को शीघ्र स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
विज्ञापन
पार्टी ने मांग की है कि चानौत गांव के लोगों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं और ग्रामीणों को शीघ्र स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।