स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर में एक सप्ताह तक चलने वाले जागरूकता अभियान की शुरूआत की गई। भारत बंद के चलते अभियान की शुरूआत सोमवार की जगह मंगलवार को हुई। यह साप्ताहिक कार्यक्रम महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में शुरू किया गया है। मिशन में तैनात किए गए शहरी टीम के नेता कुलदीप सिंह ने सहायक गौरव कुमार व कलायत कमेटी में तैनात समन्वयक सुरेश के साथ बातचीत की। इस दौरान पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि व कलायत में मिशन के संयोजक राजू कौशिक सहित पार्षद कर्णदीप दहिया, सुरेश कुमार, राजीव राजपूत, सतीश धीमान, पार्षद प्रतिनिधि संजय सिंगला, पंडित विशाल शर्मा व राहुल राणा मौजूद रहे। कुलदीप सिंह ने बताया के आजादी के अमृत महोत्सव के चलते यह कार्यक्रम शुरू किया गया जिसमें लोगों को कचरे के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। कुलदीप सिंह व गौरव कुमार ने बताया कि अभियान के तहत लोगों को सफाई के साथ कचरा रखने की विशेष जानकारी दी जाएगी। लोगों को बताया जाएगा कि वे सूखा व गीला कचरा अलग-अलग रखे व वाहन में भी अलग-अलग ही डालें।
उन्होंने कहा कि सूखा व गीला कचरा अलग रखने से जहां गीले कचरे से खाद तैयार की जा सकती है जो कृषि क्षेत्र में काम आ सकती है वहीं सूखे कचरे से कूड़ा बीनने वालों के लिए कमाई का साधन बन सकता है क्योंकि सूखे कचरे में से पेपर, कपड़ा प्लास्टिक या कोई धातु आ जाती है तो उसे वे एकत्रित कर इसे अपनी आय का स्रोत बना सकते हैं। कुलदीप सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों में भी कई प्रकार का कचरा बाहर निकलता है। उन्होंने बताया कि इसमें नीडल, पट्टी, किसी भी प्रकार की दवा की खाली बोतल व अन्य सामान शामिल हैं। इस सारे कचरे का निस्तारण स्वास्थ्य केंद्रों को स्वयं अपने स्तर पर करना होता है। उन्होंने अपील करते कहा कि वे कचरे का निस्तारण सही प्रकार से करें ताकि किसी के स्वास्थ्य पर विपरीत असर न पड़ने पाए।