कैथल। एसपी लोकेंद्र सिंह ने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता ही एकमात्र उपाय है। साइबर अपराधी रोजाना नए तरीकों से लोगों से ठगी कर रहे हैं, कभी रिश्तेदार, मित्र, बैंक कर्मी, अधिकारी व सैन्य अधिकारी बन कर खातों से पैसा निकाल रहे हैं तो कभी बीमा पॉलिसी का लाभ दिलाने का झांसा दे रहे हैं।
साइबर अपराधी लोगों को कॉल करके कहते हैं कि बैंक अधिकारी या कर्मचारी बोल रहे हैं, आपके खाते को अपडेट किया जा रहा है, एटीएम कार्ड ब्लॉक हो गया है, क्रेडिट कार्ड जारी किया जा रहा है। इसके बाद आपसे ही खाते की जानकारी मांग कर ठगी करते हैं। एसपी ने कहा कि साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक होना बहुत आवश्यक है। बैंक खाता, एटीएम कार्ड की जानकारी व ओटीपी कभी भी किसी के साथ साझा न करें। आमजन का क्यूआर कोड कभी स्कैन न करें। किसी तरह का लाभ दिलाने की बात करने वालों की बातों में न आएं। पेंशन अधिकारी बनकर कॉल करने वालों से सावधान रहें।