शहर की एक कॉलोनी की रहने वाली महिला के साथ एक सप्ताह पहले रोहतक तथा बुधवार को शहर की सब्जी मंडी के नजदीक एक होटल में तीन दोस्तों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तीन लोगों को नामजद व तीन अन्य के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
शहर की एक कॉलोनी की रहने वाली 30 वर्षीय महिला ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक सप्ताह पहले नौकरी की तलाश में अपनी सहेली के पास दिल्ली जा रही थी। इस दौरान बस में उसकी बातचीत एक युवक से हुई उसने उसको बताया कि वह नौकरी की तलाश में दिल्ली जा रही है। इस पर युवक ने उसको नौकरी दिलवाने का झांसा दिया और उसको रोहतक एक होटल में ले गया, जहां पर पहले भी तीन युवक मौजूद थे। उन्होंने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 30 जून को फिर से उसके पास लाखनमाजरा निवासी अंकित का फोन आया और उसको बहला-फुसलाकर शहर के एक होटल में ले गया। वहां पर फिर से उसके साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया। जांच अधिकारी एएसआई गीता देवी ने बताया कि इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर मंगल, अंकित और दीपक को नामजद कर तीन अन्य के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।