जींद। हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सभा की बैठक नेहरू पार्क में जिला प्रधान जयकरण की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभा के राज्य कोषाध्यक्ष रामभगत और सीटू नेता संदीप जाजवान विशेष रूप से मौजूद रहे। यहां चौकीदारों ने प्रदर्शन किया और मांगों का ज्ञापन तहसीलदार अजय सैनी को सौंपा।
रामभगत ने कहा कि सरकार कहती है ग्रामीण चौकीदार उसकी आंख, कान व नाक हैं, जो गांव की हर प्रकार की सूचना सरकार के पास पहुंचाते हैं। बावजूद इसके सरकार इन चौकीदारों की मांगों को पूरा नहीं कर रही है। 18 सितंबर को चौकीदारों ने अंबाला में गृहमंत्री अनिल विज के आवास पर प्रदर्शन किया था, लेकिन वह बीमारी के कारण उनसे मिल नहीं पाए। अब 21-22 अक्तूबर को प्रदेशभर में ग्रामीण चौकीदार जिला मुख्यालयों पर दो दिन व रात पड़ाव डालेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 44 श्रम कानूनों को चार लेबर कोड में बदलकर मजदूरों व कर्मचारियों को पूंजीपतियों का गुलाम बनाने का प्रबंध कर दिया है। उन्होंने मांग की है कि चौकीदारों को पक्का किया जाए, प्रति माह 24 हजार रुपये वेतनमान दिया जाए, चौकीदारों को पीएफ व ईएसआई की सुविधा दी जाए व महंगाई भत्ता लागू किया जाएगा। इस मौके पर जगत सिंह, धर्मबीर, रमेश, मुनीम, अजित, महाबीर, सतीश उचाना, सत्ता, रामेहर, अजय, राजेश, रणधीर व रमेश भी मौजूद रहे।