जींद। एडीसी साहिल गुप्ता ने मुख्यमंत्री उत्थान योजना के तहत अधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने कहा कि जिले में लगभग 13 जगहों पर मुख्यमंत्री उत्थान योजना के तहत शिविर लगाए जाएंगे। इनमें जरूरतमंद लोगों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर उनको स्वावलंबी बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उत्थान योजना के तहत लगभग 53 योजनाएं संचालित हैं। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वह समय रहते अपने-अपने उपमंडलों में शिविर लगाने के लिए जगहों को चिह्नित कर लें। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री उत्थान योजना कारगर सिद्ध हो रही है। जरूरतमंद लोगों को स्वरोजगार प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा एक कार्य योजना तैयार की गई है। इसके तहत विभिन्न विभागों द्वारा जरूरतमंद लोगों को स्वरोजगार स्थापित करवाने के लिए सभी खंड स्तरों पर शिविर लगाए जाएंगे और उनकी आय में बढ़ोतरी करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी बैंक प्रतिनिधियों को कहा कि वह शिविर में अपने-अपने बैंकों के स्टाल लगाए और जरूरतमंद लोगों को ऋण उपलब्ध करवाएं। इस मेले में वह एक हेल्प डेस्क लगाएं, जिसमें आने वाले व्यक्ति को उसकी योग्यता के हिसाब से उसका पंजीकरण किया जाएगा और संबंधित विभाग को उसकी जानकारी दी जाएगी। ऐसा करने से एक व्यक्ति को उसकी योग्यता के हिसाब से पांच से सात योजनाओं के साथ जोड़ा जा सकता है। इससे व्यक्ति योग्यता व इच्छा अनुसार कार्य कर सकता है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्ष को निर्देश दिए कि वह अपने मोबाइल में अंत्योदय एप को डाउनलॉड करें। इस एप में योजनाओं से संबंधित बहुत सी जानकारी हासिल होगी। इस अवसर पर एसडीएम डॉ. राजेश खोथ, एसडीएम सुरेंद्र सिंह, नगरायुक्त गायत्री अहलावत, जिला परिषद की सीईओ डॉ. किरण सिंह व शुगर मिल के एमडी प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे।