गलत दिशा से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो लोगों को मौत हो गई। दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर शुक्रवार अल सुबह डूमरखां गांव के नजदीक सुखी ढाबे के पास हुए हादसे में मरने वाले दोनों लोग नरवाना से जींद की तरफ जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया है। मरने वाले दोनोें लोगों की पहचान दिल्ली के राजीव नगर के रहने वाले हरबंस (45) और दिलप्रीत (22) के रूप में हुई।
सदर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरबंस और दिलप्रीत पंजाब के संगरूर जिले के गांव टूल बंजारा में अपनी बहन के घर आए हुए थे। उन्हें शुक्रवार सुबह दिल्ली लौटना था, लेकिन किसानों द्वारा भारत बंद का एलान करने के कारण दोनों ने अल सुबह ही स्कूटी से दिल्ली के लिए निकल पड़े। जब वह डूमरखां गांव के नजदीक सुखी ढाबा के पास पहुंचे तो गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनोें गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना नरवाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल लेकर गई, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हरबंस के भाई गुरसेवक की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने का मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।