हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ की जिला इकाई ने बुधवार को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर जिला प्रधान साधुराम के नेतृत्व में धरना दिया। इसमें पीटीआई अध्यापकों की सेवा समाप्त करने के विरोध में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
साधुराम ने बताया कि धरने के माध्यम से अव्यवहारिक रेशनलाइजेशन नीति का विरोध, पीटीआई अध्यापकों की सेवा सुरक्षा और ग्रीष्मकालीन अवकाश की मांग की गई। उन्होंने कहा कि सरकार कोरोना की आड़ लेकर विभागों में छंटनी और विभागों को सिकोड़ने की नीतियां लागू कर रहा है। अध्यापक संघ रेशनलाइजेशन नीति का विरोध करता है। इसे किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर अध्यापक छात्र अनुपात 1:25, माध्यमिक स्तर पर 1:30 होना चाहिए, जो की सरकार लागू नहीं कर रही है। इस नीति का एकमात्र उद्देश्य सरकारी स्कूलों में अध्यापकों के पद समाप्त करना ही रह गया है। महावीर पोपड़ा ने कहा कि ऑनलाइन शिक्षण अध्यापकों और बच्चों के लिए छलावा सिद्ध हो रहा है। इससे कोई विशेष लाभ बच्चों को नहीं पहुंच रहा। इस अवसर पर भूप सिंह वर्मा, रोहतास आसन, शमशेर, अमरजीत, सतीश, जितेंद्र जागलान, रणधीर मौजूद रहे।