शिक्षक दिवस पर पांच सितंबर को सेढा माजरा स्कूल के जेबीटी अध्यापक सुशील कुमार को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। जिलेभर से शिक्षक दिवस पर राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन मांगे गए थे। जिला शिक्षा अधिकारियों की ओर से तीन शिक्षकों के नाम राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए भेेजे गए थे। इसमें करसिंधू के सरकारी स्कूल में संस्कृत अध्यापक रामप्रसाद, किलाजफरगढ़ के स्कूल के मौलिक मुख्याध्यापक रामनिवास व सेढ़ा माजरा स्कूल के जेबीटी सुशील कुमार के नाम शामिल थे। राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए दो वर्गों में अध्यापकों को बांटा गया था। कैटेगरी-ए में पीआरटी, हेड टीचर, सीएंडवी, टीजीटी और ईएसएचएन शामिल हैं। वहीं कैटेगरी-बी में पीजीटी, हेड मास्टर हाई स्कूल व प्राचार्य शामिल हैं। सुशील कुमार ने कहा कि जिला कमेटी ने साढ़े 70 नंबर लगाकर पंचकूला फाइल भेजी थी। इसमें से 10 अंक क्लास के वार्षिक परिणाम, तीन अक नौकरी में आने के बाद उच्चतर शिक्षा पाना, दस अंक बच्चों की संख्या बढ़ोतरी के, 30 अंक कक्षा में पढ़ाने क तरीके के, नौ अंक एसीआर, पांच अंक अध्यापक द्वारा पढ़ाए गए विद्यार्थियों द्वारा स्टेट या नेशनल लेवल पर पुरस्कार प्राप्त करनेे के व स्काउट गतिविधियों में पुरस्कार प्राप्त करने वाले बच्चों के आधार पर लगाए गए थे। सुशील ने कहा कि उन्होंने 13 जुलाई 2004 में गुरुग्राम स्थित खो गांव में ज्वाइन किया था। इसके बाद दस साल तक लोधर के सरकारी स्कूल में अपनी सेवाएं दी व तीन साल उन्हें सेढ़ा माजरा के स्कूल में पढ़ाते हुए हो गए हैं। सुशील ने कहा कि वे उचाना ब्लॉक में राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने वाले पहले शिक्षक हैं। इसके चलते उन्हेें काफी खुशी है।