फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Jind News ›   SP's suspension persist, even today stalled Emergency Services

एसपी के निलंबन पर अड़े, इमरजेंसी सेवाएं भी आज से ठप

Mon, 10 Nov 2014 12:54 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, जींद
ब्यूरो/ अमर उजाला, जींद Updated Mon, 10 Nov 2014 12:54 AM IST
विज्ञापन
सामान्य अस्पताल में चिकित्सकाें के साथ हुई मारपीट के मामले में रविवार को चौथे दिन भी चिकित्सकों की हड़ताल जारी रही। चिकित्सकाें के साथ-साथ विभिन्न कर्मचारी संगठनों, एसएफआई और केमिस्टों ने भी चिकित्सकों का समर्थन कर धरना दिया। इसी दौरान हरियाणा सिविल मेडिकल एसोसिएशन (एचसीएमए) की राज्यस्तरीय बैठक भी हुई। बैठक में चिकित्सकों ने सोमवार से जींद के सामान्य अस्पताल में इमरजेंसी सेवाएं, गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी और पोस्टमार्टम के कार्य बंद रखने का ऐलान किया।
विज्ञापन


 वहीं एचसीएमए की प्रदेश कार्यकारिणी ने 48 घंटे का अल्टीमेटम देकर कहा कि यदि मंगलवार तक चिकित्सकों के साथ मारपीट करने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार नहीं किया और जींद के एसपी को बर्खास्त नहीं किया गया तो बुधवार से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाआें को ठप कर सभी चिकित्सक हड़ताल पर उतर आएंगे। उधर मामले को बातचीत के माध्यम से निपटाने के लिए शहर के व्यापारी मंडल और इनेलो विधायक डॉ. हरिचंद मिढ़ा भी डॉक्टरों के साथ बातचीत के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचे।
विज्ञापन


डॉक्टरों की राज्यस्तरीय कमेटी की मीटिंग के कारण व्यापारी मंडल की डॉक्टरों के साथ बातचीत नहीं हो पाई और दो घंटे के इंतजार के बाद इनेलो विधायक और व्यापार मंडल के सदस्यों को लौटना पड़ा। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात था।
विज्ञापन
विज्ञापन


चिकित्सकों के फैसले से हड़कंप मचा
जींद के सामान्य अस्पताल में चिकित्सकों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट चिकित्सकों की रविवार को जींद के सामान्य अस्पताल में हरियाणा सिविल मेडिकल एसोसिएशन (एचसीएमए) की राज्यस्तरीय बैठक हुई। सामान्य अस्पताल के ट्रेनिंग सेंटर में एक बंद कमरे में दोपहर साढ़े 12 बजे बैठक शुरू हुई और शाम चार बजे बैठक खत्म हुई। इसके बाद चिकित्सकाें ने मीडिया को सोमवार से जींद के सामान्य अस्पताल में इमरजेंसी सेवाएं और पोस्टमार्टम बंद करने के अपने निर्णय से अवगत करवाया। चिकित्सकाें के फैसले के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और चिकित्सकों के साथ बातचीत के लिए जींद के डीएसपी वीरेंद्र दलाल और सफीदों के डीएसपी पूर्णचंद मौके पर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने पुलिस प्रशासन के साथ बातचीत करने से साफ मना कर दिया।

  बैठक में राज्य प्रधान डॉ. कुलदीप, राज्य उपप्रधान डॉ. सतबीर, महासचिव डॉ. आशीष राणा, कोषाध्यक्ष डॉ. प्रदीप के साथ-साथ सभी जिलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। जींद की तरफ से जिला प्रधान डॉ. देवेंद्र बिंदलिस, जिला उपप्रधान डॉ. जेके मान, जिला सचिव डॉ. अरूण और सह सचिव डॉ. राजेश भोला भी शामिल रहे। बैठक में पुलिस प्रशासन की प्रणाली पर रोष प्रकट कर फैसला लिया गया कि जब तक पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करेगी तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। चिकित्सकों ने फैसला लिया कि सोमवार से जींद के सामान्य अस्पताल में इमरजेंसी सेवाएं और पोस्टमार्टम के कार्य को बंद रखा जाएगा।

 प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सक काले बिल्ले लगाकर ड्यूटी देंगे। मंगलवार तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो बुधवार से प्रदेश के सभी अस्पतालों में हड़ताल कर स्वास्थ्य सेवाओं को ठप कर दिया जाएगा।

चिकित्सकों की यह हैं मुख्य मांगे
हड़ताल पर बैठे चिकित्सक इस मामले में मारपीट करने वाले आरोपियों के साथ-साथ जींद के पुलिस अधीक्षक को भी मामले में आरोपी मान रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि पुलिस अधीक्षक जानबूझ कर इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। चिकित्सकों की मुख्य मांग है कि आरोपियों के खिलाफ दर्ज किए गए मामले में बदलाव कर संगीन धाराओं को शामिल किया जाए और तुरंत सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए तथा जींद के पुलिस अधीक्षक को बर्खास्त किया जाए।
 
विधायक और व्यापारी बैरंग लौटे
रविवार को अन्न क्षेत्र में शहर के व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक में जींद के इनेलो विधायक डॉ हरिचंद मिढ़ा भी मौजूद हुए। बैठक में चिकित्सकों के साथ हुई मारपीट के मामले को बातचीत के माध्यम से हल करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए व्यापारियों का एक 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सामान्य अस्पताल पहुंचा और यहां पर चिकित्सकों के साथ बातचीत करने का प्रयास किया गया लेकिन चिकित्सकों की राज्यस्तरीय बैठक चलने के कारण चिकित्सकों के साथ व्यापारियों की बातचीत नहीं हो सकी। दो घंटे के इंतजार के बाद व्यापारियों को बिना बातचीत के ही वापस बैरंग लौटना पड़ा। व्यापार मंडल के प्रधान ताराचंद जिंदल ने कहा कि व्यापारी इस मामले को बातचीत से हल करने के लिए चिकित्सकों के पास गए थे लेकिन चिकित्सकों की राज्य स्तरीय बैठक के चलते चिकित्सक बातचीत के लिए समय नहीं दे पाए। शहर के व्यापारियों को चिकित्सकों के फैसले का इंतजार है। व्यापारी वर्ग इस पूरे मामले को बातचीत से हल करना चाहता है लेकिन अभी तक चिकित्सकों की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है।
 
प्राइवेट चिकित्सक भी आए समर्थन में
चिकित्सकों के साथ मारपीट के मामले में एचसीएमए द्वारा लिए निर्णय का जिले की प्राइवेट चिकित्सक एसोसिएशन ने भी समर्थन कर दिया है। प्राइवेट चिकित्सक एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. अनिल जैन ने कहा कि एसोसिएशन एचसीएमए के निर्णय का समर्थन करते हुए सोमवार को जिले के सभी निजी क्लीनिकों में हड़ताल रखेंगे। जिले के सभी डैंटल सर्जन भी हड़ताल में शामिल रहेंगे। डिफेंस कॉलोनी रजिस्टर्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान बलवान सिंह मान ने चिकित्सकाें के साथ हुई मारपीट की घटना की निंदा कर तुरंत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रधान ने एसोसिएशन की तरफ से चिकित्सकों के धरने का समर्थन किया।  


आरोपियों तक नहीं पहुंच पा रहे पुलिस के हाथ
किरयाना स्टोर संचालक दर्शनलाल उर्फ पिंकी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपियों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। चिकित्सकों के साथ मारपीट करने के आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बावजूद भी पुलिस अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। दोनों ही मामलों में पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि चिकित्सकों के साथ मारपीट करने के मामले में विधायक डॉ. हरिचंद मिढ़ा के पुत्र कृष्ण मिढ़ा, राजू लखिना और अशोक लखिना के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो चुके हैं लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। शहर थाना प्रभारी साधू राम ने कहा कि पुलिस चिकित्सकों के साथ मारपीट करने के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है और दुकानदार पिंकी के हत्यारों की पहचान के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed