जींद। मांगों को लेकर ग्रामीण सफाई कर्मियों का धरना वीरवार को भी लघु सचिवालय के बाहर जारी रहा।उन्होंने मांगों को लेकर डीडीपीओ को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण सफाई कर्मियों ने किसानों पर की गई गोलीबारी के रोष में प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। बाद में आंदोलन में मरने वाले नौजवान किसान को श्रद्धांजलि दी। धरने की अध्यक्षता यूनियन के जिला प्रधान ईश्वर सिंह ने की, जबकि संचालन जिला सचिव पवन कुमार ने किया। ईश्वर सिंह व सीटू के जिला उपाध्यक्ष रमेश चंद्र ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मियों ने 51 दिन की हड़ताल में प्रदेश सरकार के साथ पांच मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन उनका अभी तक भी कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। दूसरी तरफ भाजपा सरकार ग्रामीण सफाईकर्मियों को ऑनलाइन हाजिरी लगवाने के नाम पर गुलाम बनाना चाहती है, इसलिए यूनियन ने दो दिवसीय पड़ाव डालने का फैसला लिया था। उन्होंने मांग की कि 29 अक्तूबर को किए गए समझौते को लागू करते हुए नोटिफिकेशन जारी किया जाए। विधानसभा में पॉलिसी बनाकर सफाईकर्मियों को पक्का किया जाए। सभी ग्रामीण सफाई कर्मियों को बीडीपीओ के पेरोल पर लिया जाए। हरियाणा रोजगार कौशल निगम को भंग किया जाए और सफाईकर्मियों को पक्का किया जाए। सभी सफाईकर्मियों के लिए 26 हजार रुपये मासिक न्यूनतम वेतन लागू किया जाए। 2000 की बजाय 400 की आबादी पर एक कर्मचारी की स्थायी नियुक्ति करते हुए सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए। सफाई कर्मचारी की सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये एक मुश्त सहायता राशि प्रदान की जाए। इस अवसर पर यूनियन के जींद ब्लॉक प्रधान गुलाब, जुलाना ब्लॉक प्रधान कृष्ण कुमार, अलेवा ब्लॉक प्रधान सुखविंदर, जिला कोषाध्यक्ष मुकेश देवरड, सुल्तान, फूल कुमार, मनफूल, संजय, हरिमोहन, विनोद, बबीता मौजूद थी।

22जेएनडी04: मांगों को लेकर सरकार का पुतला फूंकते हुए ग्रामीण सफाई कर्मचारी। संवाद