जींद। गांव गुलकनी में वीरवार को नौगामा खाप तथा भारतीय किसान यूनियन द्वारा शहीदी दिवस मनाया जाएगा। जींद में 2002 हुए कंडेला कांड में नौ किसानाें की मौत हो गई थी। उसके बाद से हर वर्ष गुलकनी गांव में बनाए गए किसान शहीदी स्मारक पर किसान शहीदी दिवस मनाते हैं। कार्यक्रम के बाद सांसद बृजभूषण शरण का पुतला भी फूंका जाएगा। इस कार्यक्रम में किसी भी प्रकार के आंदोलन का निर्णय लिया जा सकता है।
भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रैस प्रवक्ता रामराजी ढुल ने कहा कि आज जिस प्रकार से भाजपा सरकार तानाशाही कर रही है, उससे एक बार फिर से देश में बड़े आंदोलन की जरूरत है। लोग अपने हकों की आवाज उठाने के लिए आंदोलन करते हैं लेकिन भाजपा सरकार पीड़ित लोगों को ही कुचल रही है। भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है कि न्याय मांगने वालों को घसीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वीरवार को सुबह गुलकनी गांव में किसान शहीदी मनाएंगे, उसके बाद सांसद बृजभूषण का पुतला फूंका जाएगा। बाद में एक बैठक करके बेटियों के पक्ष में कोई भी आंदोलन चलाने का निर्णय लिया जा सकता है। नौगामा खाप प्रधान सुरेश बहबलपुर ने कहा कि जींद के लोग जब कोई भी आंदोलन करते हैं तो उसमें विजयी श्री हासिल करके ही दम लेते हैं। नौगामा खाप धूप सिंह, भरत सिंह, श्रीराम, राममेहर ढुल, प्रदीप घिमाना, जसबीर, मोहित, किसान नेता राजेंद्र, बारूराम, बिंद्र नंबरदार ने कहा कि आज सभी को एकजुट होने की जरूरत है।