बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 14 से 22 दिसंबर तक खेली गई एशियन चैंपियन ट्रॉफी में नरवाना के मनदीप मोर ने भारत की टीम में रक्षा पंक्ति में खेलते हुए पाकिस्तान की टीम को हराकर कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस प्रतियोगिता में छह सर्वश्रेष्ठ टीम भारत, पाकिस्तान, जापान, कोरिया, मलेशिया और बांग्लादेश रहीं। ओलंपिक खेलों के बाद भारतीय हॉकी का यह पहला मुकाबला था जिसमें कई नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया। मनदीप मोर भी इनमें से एक रहे। जिन्होंने अच्छे खेल का प्रदर्शन करते हुए देश को पदक दिलाया।
मनदीप मोर इससे पहले भारतीय जूनियर टीम के लिए खेलते रहे हैं और कप्तान भी रह चुके हैं। हॉकी कोच रविंद्र श्योकंद और डॉ. संदीप गोयत ने बताया कि मनदीप मोर ओलंपियन प्रदीप मोर के चचेरे भाई हैं। नरवाना हॉकी क्लब के प्रधान भारत भूषण गुप्ता एवं सचिव मनजीत गोयत ने मनदीप को बधाई दी तथा बताया कि नरवाना पहुंचने पर मनदीप का भव्य स्वागत किया जाएगा।